परिवार ने जताई हत्या की आशंका
पुलिस गैस सिलेंडर फटने से हादसे की आशंका जता रही है
घटना पर गंभीर संदेह व्यक्त करते हुए निष्पक्ष और गहन जांच की मांग
सी के पारे हरदा/टिमरनी
टिमरनी की होनहार बैंककर्मी युवती पलक काशिव की इंदौर खजराना में हुई सोमवार संदिग्ध मौत ने पूरे काशिव समाज एवं नार्मदीय ब्राह्मण समाज व रिश्तेंदारो को स्तब्ध कर दिया है। पलक का अधजला शव इंदौर खजराना के एक मकान में मिला है। प्रथम दृष्टया पुलिस गैस सिलेंडर फटने से हादसे की आशंका जता रही है, लेकिन पिता राधेश्याम काशिव ने इस घटना पर गंभीर संदेह व्यक्त करते हुए निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।
पलक काशिव, पिता राधेश्याम काशिव, टिमरनी निवासी थीं और बैंक में इंदौर में कार्यरत थीं। वह पढ़ाई में शुरू से ही मेधावी छात्रा रही थीं। उनके पिता शिक्षक हैं और उन्होंने अपनी बेटी को उच्च शिक्षा दिलाकर उसे आत्मनिर्भर बनाया था। पलक ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर बैंकिंग क्षेत्र में पहचान बनाई थी। ऐसे में उनकी असमय और संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
परिजनों का कहना है कि घटना को महज हादसा मानकर जल्दबाजी में निष्कर्ष नहीं निकाला जाना चाहिए। यदि यह दुर्घटना नहीं बल्कि किसी साजिश या आपराधिक कृत्य का परिणाम है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। परिवार ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
नार्मदीय ब्राह्मण समाज के लिए संदेश
काशिव समाज के लिए यह घटना केवल एक परिवार का दुख नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए चिंता और आत्ममंथन का विषय है। समाज को इस घटना से सबक लेते हुए अपनी बेटियों की सुरक्षा, उनके सामाजिक और मानसिक सहयोग तथा संकट की घड़ी में एकजुट होकर खड़े रहने की आवश्यकता है।
आवश्यकता इस बात की है कि पूरा काशिव समाज पलक काशिव के परिवार के साथ खड़ा हो और प्रशासन से मांग करे कि मामले की निष्पक्ष, उच्चस्तरीय और समयबद्ध जांच कराई जाए। यदि जांच में किसी भी प्रकार की आपराधिक साजिश सामने आती है, तो दोषियों को कानून के अनुसार कठोर दंड मिलना चाहिए।
प्रमुख मांगें
पलक काशिव की मौत की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।पोस्टमार्टम एवं फोरेंसिक रिपोर्ट सार्वजनिक कर परिजनों को उपलब्ध कराई जाए।घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जाए।यदि किसी की संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके विरुद्ध तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।काशिव समाज इस मामले में एकजुट होकर परिवार को न्याय दिलाने के लिए अपनी आवाज बुलंद करे।पालक काशिव को न्याय मिले और सच्चाई सामने आए, यही पूरे समाज की मांग है।