पर्यावरण दिवस पर आईएएसई के प्रशिक्षणार्थियों का शानदार प्रदर्शन, पोस्टर प्रतियोगिता में जीते पुरस्कार
भोपाल। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर क्षेत्रीय प्राकृतिक विज्ञान संग्रहालय, भोपाल में आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में प्रगत शैक्षिक अध्ययन संस्थान (आईएएसई) के बीएड एवं एमएड प्रशिक्षणार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पुरुस्कार हासिल किए।
जिसमें प्रथम पुरस्कार पल्लवी पॉल, द्वितीय पुरस्कार सुनीता लकड़ा एवं तीन प्रोत्साहन पुरस्कार संगीता सोनी, निशिता हाजरा, और प्रियंका किंडो को मिले। प्रतियोगिता में भोपाल के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया था।
पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपने रचनात्मक पोस्टरों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रथम पुरस्कार के रूप में 2 हजार रुपए, द्वितीय पुरस्कार के लिए 1500 रुपए तथा प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए 500-500 रुपए की राशि प्रदान की जाएगी। संस्थान के संचालक डॉ. रामकुमार स्वर्णकार के निर्देशन में प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीम का नेतृत्व प्राध्यापक डॉ. संचिता जैन ने किया। प्रशिक्षणार्थियों की इस उपलब्धि पर संस्थान परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी विजेताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।