Let’s travel together.

रुनाहा में हत्या के प्रयास का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार

0 27

100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस ने सुलझाई वारदात, दो आरोपी अभी फरार

नजीराबाद भोपाल। नजीराबाद थाना पुलिस ने ग्राम रुनाहा में 55 वर्षीय व्यक्ति पर लोहे की रॉड से हमला कर हत्या के प्रयास के मामले का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया था। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम बिजावनखुर्द निवासी इंदर सिंह गुर्जर (55) ने 8 सितंबर 2026 को नजीराबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह मोटरसाइकिल से रुनाहा से अपने गांव बिजावनखुर्द जा रहे थे। इसी दौरान बागसी रोड पर सफेद रंग की कार में सवार चार लोगों ने उन्हें रोका। एक आरोपी ने कार से उतरकर नरसिंहगढ़ जाने का रास्ता पूछा और इसके बाद चारों आरोपियों ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
हमले में इंदर सिंह के हाथ-पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और फ्रैक्चर होने की बात सामने आई। शिकायत के आधार पर नजीराबाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 227/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक देहात भोपाल पंकज कुमार पांडे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार सोनकर और बैरसिया एसडीओपी वैशाली सिंह कराहलिया के निर्देशन में थाना प्रभारी नजीराबाद निरीक्षक सहवाज खान के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस ने चार अलग-अलग टीमें बनाकर जांच शुरू की। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के 100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा साइबर शाखा की मदद से तकनीकी साक्ष्यों की जांच की गई और घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। आरोपियों की जानकारी देने पर पुलिस ने तीन हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
नंबर प्लेट पर मिट्टी लगाकर पहुंचे थे आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को सफेद रंग की टोयोटा कार के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने कार की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगा दी थी, ताकि वाहन की पहचान आसानी से न हो सके। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में हाकम सिंह गुर्जर निवासी जगमेरी, प्रदुमन गुर्जर निवासी गूजरटोड़ी, दीपक लोधी निवासी मानाकुण्ड, धनवीर उर्फ संजय विश्वकर्मा निवासी गूजरटोड़ी और रामवीर लोधी निवासी सेमरा हाल करोद शामिल हैं।
21 हजार रुपये, कार और लोहे की रॉड बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 21 हजार रुपये नकद, सफेद रंग की टोयोटा कार और चार लोहे की रॉड बरामद करने की जानकारी दी है।
मामले में जितेन्द्र श्रीवास्तव निवासी रुनाहा और विशाल गुर्जर निवासी अमरपुर को फरार आरोपी बताया गया है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
प्लॉट विवाद को बताया जा रहा वारदात का कारण
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी हाकम सिंह गुर्जर ने इंदर सिंह गुर्जर के साथ प्लॉट को लेकर विवाद की बात बताई है। पुलिस के मुताबिक इसी विवाद के चलते हमले की योजना बनाई गई।

जांच में पुलिस को यह भी पता चला कि कथित तौर पर जितेन्द्र श्रीवास्तव और हाकम सिंह गुर्जर ने अन्य आरोपियों को वारदात के लिए पैसे देने की बात कही थी। आरोपियों ने एक दिन के लिए किराये पर टोयोटा कार ली और उसकी नंबर प्लेट पर मिट्टी लगा दी।
पुलिस के मुताबिक इंदर सिंह की मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए उन्हें रुनाहा बस स्टैंड पर बुलाया गया। वहीं, विशाल गुर्जर द्वारा कार से पहुंचे आरोपियों को लगातार रेकी कर सूचना देने की बात सामने आई है। इसके बाद इंदर सिंह के घर लौटते समय सुनसान रास्ते पर कथित तौर पर हमला किया गया।
फिलहाल नजीराबाद पुलिस मामले में फरार आरोपियों की तलाश के साथ ही पूरे घटनाक्रम की आगे जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज प्रकरण में विवेचना जारी होने की बात कही है।

उक्त सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी नजीराबाद सहवाज खान के नेतृत्व में उनि फूल सिहं किरार, उनि महेश सूर्यवंशी, सउनि राम सिहं नंदया, प्रआर.32 प्रदीप किरार. प्रआर 50 भागीरथ प्रसाद, प्रआर प्रशांत लववंशी, प्रआर 24 सतीश जाट, प्रआर जितेन्द्र सक्सेना, आर. कृष्ण कुमार, आर. राघवेन्द्र दुबे, आर. संजय अम्ब, आर. देवेन्द्र सिहं, आर. मनोज धाकड़, आर. मांगीलाल, आर. मनफूल मीणा आर. उपेन्द्र सिहं, प्रआर. मुस्ताक खान व प्रआर, योगेश मिश्रा, प्रआर. योगेश भावसार (सायबर सेल भोपाल देहात), का विशेष योगदान रहा

Leave A Reply

Your email address will not be published.

शिवपुरी में सोयाबीन में पीला मोजेक पर कृषि विभाग अलर्ट, वैज्ञानिकों ने शुरू किया जागरूकता अभियान     |     दीवटिया ग्राम के युवकों की हुई सड़क दुर्घटना में पांचवे घायल युवक की भी इलाज के दौरान मौत     |     रुनाहा में हत्या के प्रयास का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार     |     मध्यप्रदेश के किसान संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक सम्पन्न     |     गणेश उत्सव में सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद, डीजे व हथियार प्रदर्शन पर सख्ती     |     आबकारी विभाग की जगह जगह छापामार कार्यवाही,अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान     |     बालमपुर घाटी पर तीन ट्रक फंसे, हाईवे पर लगा रहा जाम     |     जर्जर यूनानी औषधालय भवन हादसे को दे रहा न्योता, बारिश में छत के कबेलू गिरे     |     हलाली डैम 84% भरा, 61 गांवों में जल्द पहुंचेगा शुद्ध पेयजल     |     वाशरूम में कैमरा युवतियों से अश्लिल बातें     |    

Don`t copy text!
पत्रकार बंधु भारत के किसी भी क्षेत्र से जुड़ने के लिए इस नम्बर पर सम्पर्क करें- 9425036811