सी के पारे
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 17 और 18 मई को मंत्रियों के साथ वन-टू-वन बैठक करने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री निवास पर होने वाली इन अहम बैठकों में मंत्रियों के कामकाज, विभागीय प्रदर्शन और संगठन के साथ समन्वय की गहन समीक्षा की जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक, सरकार के ढाई साल पूरे होने से पहले यह समीक्षा बैठक बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। मुख्यमंत्री हर मंत्री से अलग-अलग चर्चा करेंगे और उनके विभागों की प्रगति रिपोर्ट, योजनाओं के क्रियान्वयन और जनता के बीच सरकार की छवि को लेकर फीडबैक लेंगे।
राजनीतिक गलियारों में इन बैठकों को संभावित कैबिनेट फेरबदल से भी जोड़कर देखा जा रहा है कि समीक्षा के आधार पर कुछ मंत्रियों की जिम्मेदारियां में बदलाव हो सकता है और नए चेहरे को मौका मिल सकता है। जबकि बेहतर काम करने वाले मंत्रियों को बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है।
भाजपा संगठन और सरकार के बीच तालमेल मजबूत करने पर भी विशेष जोर रहेगा। बैठक में आगामी रणनीति, जनहित योजनाओं की गति और संगठनात्मक सक्रियता को लेकर भी मंथन होगा।