बारिश ने डाला खलल, ढोल-डीजे के साथ देर शाम तक गणेश प्रतिमाएं ले जाते रहे श्रद्धालु; सोमवार को घर-घर और पंडालों में होगी गणपति स्थापना
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
गणेश चतुर्थी और तीज पर्व को लेकर रविवार को दीवानगंज के हाट बाजार में भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। सुबह से ही क्षेत्र के विभिन्न गांवों से गणेश उत्सव समितियों के सदस्य और श्रद्धालु भगवान गणेश की प्रतिमाएं खरीदने के लिए बाजार पहुंचने लगे थे। दोपहर बाद हुई तेज बारिश ने कुछ समय के लिए बाजार की रौनक में खलल जरूर डाला, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई।

दीवानगंज हाट बाजार में सुबह से ही गणेश प्रतिमाओं की खरीदारी को लेकर चहल-पहल बनी रही। आसपास के गांवों से समितियां ट्रैक्टर, पिकअप और अन्य वाहनों से भगवान गणेश की प्रतिमाएं लेने पहुंचीं। प्रतिमाओं की खरीदारी के बाद श्रद्धालुओं ने ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुनों के साथ गणपति बप्पा मोरया के जयकारे लगाते हुए प्रतिमाओं को अपने गांवों और पंडालों तक पहुंचाया। वही अयोध्या धाम अंबाडी के सामने भी प्रजापति समाज के लोगों ने अपनी मनमोहक दुकान लगा रखी थी जहां पर ग्राहक गणेश जी खरीदने के लिए पहुंचे। सोमवार को भी अंबाडी गांव में गणेश जी को खरीदने के लिए भारी संख्या में आसपास के ग्रामीण पहुंचेंगे।
दोपहर बाद तेज बारिश शुरू होने के बावजूद देर शाम तक गणेश प्रतिमाओं को ले जाने का सिलसिला जारी रहा। बाजार में जगह-जगह गणेश प्रतिमाओं से सजे वाहन और जयकारों की गूंज लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही।

सोमवार को गणेश चतुर्थी के अवसर पर दीवानगंज, अंबाड़ी, सेमरा, नरखेड़ा , जमुनिया, निनोद, बरजोरपुर, बालमपुर, कुलहड़िया, छोला,देहरी,सहित आसपास के कई गांवों में भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी। गणेश उत्सव समितियों ने पंडालों को सजाने और आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। कई स्थानों पर सोमवार को ढोल-डीजे और शोभायात्रा के साथ गणपति स्थापना की जाएगी।
गणेश चतुर्थी को लेकर बाजार में बढ़ी भीड़ से स्थानीय दुकानदारों और मूर्तिकारों में भी उत्साह है। क्षेत्र में तैयार की गई गणेश प्रतिमाएं भोपाल, विदिशा सहित आसपास के करीब 40 गांवों तक पहुंच रही हैं। सोमवार को भी दीवानगंज और आसपास के क्षेत्रों में गणेश प्रतिमाएं ले जाने और स्थापना का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।