मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के दीवानगंज, अंबाड़ी, सेमरा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले चार दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से रविवार दोपहर बाद हुई करीब एक घंटे की झमाझम बारिश से लोगों को राहत मिली। हालांकि तेज बारिश के कारण दीवानगंज हाट बाजार में सब्जियों की दुकानों में पानी भर गया, जिससे दुकानदारों को परेशानी के साथ नुकसान भी उठाना पड़ा।

बारिश का पानी दुकानों में भरने से सब्जी विक्रेता दशरथ कुशवाह, निखिल कुशवाह, तनीश खान, मोनू नायक, गोविंद जाटव, नर्मदा माली, प्रेम नारायण सहित कई दुकानदार प्रभावित हुए। दुकानदारों का कहना है कि अचानक हुई तेज बारिश से सब्जियां भीग गईं और बिक्री प्रभावित हुई। जब भी तेज बारिश होती है यही स्थिति यहां पर बन जाती है। हाट बाजार की उगाई की जाती है।

वहीं, चार दिनों से जारी उमस भरी गर्मी के बाद हुई बारिश से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली। पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में बूंदाबांदी का दौर चल रहा था, लेकिन किसानों को अच्छी बारिश का इंतजार था। रविवार को हुई तेज बारिश से किसानों के चेहरे पर खुशी नजर आई। बारिश से खेतों में खड़ी फसलों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।