– मंगलम-सक्षम संस्था की पहल, आईआईटी मद्रास ने डिजाइन की डेढ़ लाख की गाड़ी
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
मंगलम शिवपुरी द्वारा सक्षम संस्था के सहयोग से जिले के 28 दिव्यांगजनों को जापानी तकनीक से बनी मोटराइज्ड ई-स्कूटी 14 मई गुरुवार को प्रदान की जाएंगी। मंगलम परिसर में सुबह 10 बजे आयोजित सादा समारोह में इनका वितरण किया जाएगा।
मंगलम के कोषाध्यक्ष दीपक गोयल ने बताया कि आरएसएस से प्रेरित सक्षम संस्था के सहयोग से ये बहुउद्देशीय व्हीकल दिए जा रहे हैं। जिले के दिव्यांगजनों के लिए यह सौगात मध्यप्रदेश के दिव्यांगजन आयुक्त डॉ. अजय खेमरिया के प्रयासों से संभव हुई है।
इस व्हीकल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे आईआईटी मद्रास द्वारा विशुद्ध जापानी तकनीक के अनुरूप डिजाइन किया गया है। करीब डेढ़ लाख रुपए की लागत वाली यह गाड़ी घर के अंदर व्हीलचेयर और बाहर निकलने पर ई-स्कूटी के रूप में काम करती है। इससे दिव्यांगजनों को आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे।
मंगलम द्वारा जिले के 28 दिव्यांगजनों का चयन विशेष परीक्षण शिविर लगाकर किया गया था। इससे पहले भी शिवपुरी के पांच दिव्यांगजनों को मंगलम द्वारा इस व्हीकल का लाभ दिया जा चुका है।
श्री गोयल के अनुसार 14 मई को होने वाले वितरण समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस पहल से दिव्यांगजनों के जीवन में बड़ा बदलाव आएगा। वे आसानी से बाजार, स्कूल, अस्पताल और अपने कार्यस्थल तक जा सकेंगे। सक्षम संस्था और मंगलम की इस पहल की जिले भर में सराहना हो रही है। यह कदम दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ने में मील का पत्थर साबित होगा।