रायसेन। जिले देवरी समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के दौरान मंगलवार रात करीब 9 बजे आस्तिक वेयरहाउस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। गेहूं से भरे एक आयशर ट्रैक्टर-ट्रॉली में अचानक आग भड़क उठी, जिससे खरीदी केंद्र पर मौजूद किसानों और कर्मचारियों में भगदड़ की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार बिंजा निवासी संजू साहू का ट्रैक्टर-ट्रॉली अन्य वाहनों के साथ खरीदी केंद्र पर लाइन में खड़ा था। इसी दौरान ट्रैक्टर से अचानक चिंगारी निकली और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग की लपटें करीब 10 फीट ऊंचाई तक उठ रही थीं।
आग फैलने की आशंका को देखते हुए चालक तुरंत ट्रैक्टर-ट्रॉली को वेयरहाउस परिसर से बाहर लेकर गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही नगर परिषद की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
घटना में ट्रैक्टर का कुछ हिस्सा जल गया, जबकि गेहूं को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आ रही है। घटना के बाद ट्रैक्टर मालिक और किसानों ने खरीदी केंद्र संचालन व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अचानक आग लगने के कारणों की जांच की मांग की है।