मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
दीवानगंज, अंबाडी और मुस्काबाद के आसपास पहाड़ी क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से आग सुलग रही है, जो अब धीरे-धीरे विकराल रूप लेती जा रही है। पहाड़ों पर लगी इस आग ने हरे-भरे पेड़-पौधों को भारी नुकसान पहुंचाया है और अब जंगल का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आता जा रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, आग शुरुआत में छोटी थी लेकिन समय पर काबू नहीं पाने के कारण अब यह तेजी से फैल रही है। तेज हवा के चलते आग पहाड़ी से नीचे और जंगल के अंदर तक फैलती जा रही है, जिससे वन संपदा को लगातार नुकसान हो रहा है।
चौंकाने वाली बात यह है कि इतने दिनों से आग सुलगने के बावजूद अब तक न तो वन विभाग और न ही स्थानीय प्रशासन की ओर से इसे बुझाने के लिए कोई ठोस प्रयास दिखाई दिए हैं। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
अगर जल्द ही आग पर काबू नहीं पाया गया, तो यह आसपास के गांवों तक भी पहुंच सकती है, जिससे जन-धन का बड़ा नुकसान होने की आशंका है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए फायर ब्रिगेड और वन विभाग की टीमों को मौके पर भेजने की अपील की है, ताकि इस बढ़ती आपदा पर समय रहते काबू पाया जा सके।