मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
रायसेन जिले में साइबर अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने और आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत मंगलवार को दीवानगंज के फैक्ट्री चौराहा पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम एवं रैली आयोजित की गई।
सलामतपुर थाना प्रभारी श्यामराज सिंह के मार्गदर्शन में दीवानगंज चौकी प्रभारी सुनील शर्मा, प्रधान आरक्षक पुष्पेंद्र सिंह, आरक्षक संदीप रघुवंशी, परितोष एवं पुलिस स्टाफ ने ग्रामीणों के साथ जागरूकता रैली निकालकर ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, फिशिंग लिंक, सोशल मीडिया ठगी और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम कार्ड, सीवीवी, यूपीआई पिन व पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें। सोशल मीडिया पर प्राइवेसी सेटिंग मजबूत रखने, फर्जी प्रोफाइल से सतर्क रहने और संदिग्ध कॉल या संदेश मिलने पर तुरंत सावधानी बरतने की सलाह भी दी गई।

इससे पहले ग्राम पंचायत अंबाडी के मुस्काबाद स्थित इंदिरा आवास कॉलोनी के आंगनबाड़ी केंद्र में महिलाओं एवं किशोरियों को भी डिजिटल सुरक्षा और सुरक्षित सोशल मीडिया उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई थी।
चौकी प्रभारी सुनील शर्मा ने कहा कि डिजिटल युग में छोटी-सी लापरवाही भी बड़ा आर्थिक और सामाजिक नुकसान पहुंचा सकती है। इसलिए जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचने का सबसे प्रभावी हथियार है। उन्होंने बताया कि किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका पुलिस टीम ने सरल भाषा में जवाब दिया। ग्रामीणों ने गांव-गांव इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की मांग करते हुए पुलिस की पहल की सराहना की। पुलिस ने अंत में सभी नागरिकों से सतर्क, जागरूक और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की अपील की।