मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
ग्रामीण क्षेत्रों के मजदूरों के लिए आज से बड़ी राहत लागू हो गई है। बीवीजी रामजी योजना के तहत अब पात्र ग्रामीण परिवारों को 100 दिनों के बजाय 125 दिनों का रोजगार मिलेगा। सरकार के इस फैसले से अतिरिक्त 25 दिन की मजदूरी मिलने से हजारों परिवारों की आय बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए क्षेत्र की ग्राम पंचायतों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जल संरक्षण, तालाब गहरीकरण, मेड़बंदी, वृक्षारोपण, सड़क निर्माण एवं मरम्मत जैसे विकास कार्यों की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है, ताकि योजना शुरू होते ही मजदूरों को बिना किसी देरी के रोजगार उपलब्ध कराया जा सके।
ग्रामीण क्षेत्रों में खेती के अलावा रोजगार के सीमित अवसर होने के कारण हर साल बड़ी संख्या में मजदूरों का पलायन होता था। अब रोजगार अवधि 125 दिन होने से ग्रामीणों को अपने ही गांव में अधिक समय तक काम मिलने की उम्मीद है, जिससे पलायन पर भी प्रभावी रोक लग सकेगी।
पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार मजदूरों का पंजीयन, कार्यों का चयन और प्रस्ताव तैयार करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। आज से पात्र परिवारों को योजना का लाभ समय पर मिले, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कर दी गई हैं।
ग्रामीणों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि बढ़े हुए 25 दिनों का रोजगार उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगा और गांवों में विकास कार्यों को भी नई गति देगा। आज से लागू हुई यह व्यवस्था ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है।