मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल-विदिशा हाईवे 18 स्थित बालमपुर घाटी पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज वंशकार (21 वर्ष), पिता विजय वंशकार, निवासी मंगलवारा छावनी भोपाल, अपने मामा के बेटे गौरव के साथ विदिशा में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। शाम को दोनों वापस भोपाल लौट रहे थे। इसी दौरान बालमपुर घाटी के ऊपर एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत मदद करते हुए दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने राज को मृत घोषित कर दिया। गौरव का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि मृतक राज अपने परिवार का इकलौता बेटा और तीन बहनों का एकमात्र भाई था। वह भोपाल में जोमैटो में डिलीवरी बॉय का काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे घर में शोक का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बालमपुर घाटी क्षेत्र में लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। घाटी पर चढ़ाई और उतार के दौरान दो खतरनाक अंधे मोड़ हैं, जहां सबसे ज्यादा दुर्घटनाएं होती हैं।
जानकारी के अनुसार, पिछले 18 महीनों में भोपाल-विदिशा हाईवे पर 40 से अधिक लोगों की सड़क दुर्घटनाओं में मौत हो चुकी है। इस ताजा हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि संबंधित विभाग द्वारा जल्द से जल्द सड़क को फोर लेन किया जाए और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।