– किसानों व ग्रामीणों को किया जा रहा जागरूक
– जागरूकता रथ, बैठक एवं चौपाल के माध्यम से किसानों को दी जा रही समझाइश
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शिवपुरी जिले में पराली एवं नरवाई जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए किसानों को जागरूक किया जा रहा है। इस क्रम में किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग और कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के अंतर्गत जागरूकता रथ, बैठक एवं चौपाल के माध्यम से किसानों को फसल अवशेष नहीं जलाने की समझाइश दी जा रही है। साथ ही पराली एवं नरवाई जलाने से पर्यावरण, मिट्टी की उर्वरता और फसलों को होने वाले नुकसान की जानकारी भी दी जा रही है।
अभियान के तहत जागरूकता रथ के माध्यम से विभिन्न गांवों में पहुंचकर किसानों को पराली एवं नरवाई नहीं जलाने का संदेश दिया जा रहा है। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों व अन्य स्थानों पर बैठक एवं चौपाल पर किसानों को जागरूक किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक किसानों तक यह संदेश पहुंच सके।
कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ एमके भार्गव ने बताया है कि अभियान के अंतर्गत बैठक, सभा, चौपाल एवं शिविरों के माध्यम से किसानों को फसल अवशेष जलाने से होने वाले नुकसान की जानकारी दी जा रही है। किसानों को बताया जा रहा है कि नरवाई जलाने से पर्यावरण प्रदूषित होता है, भूमि में मौजूद लाभदायक मित्र कीट नष्ट होते हैं तथा मिट्टी की उर्वरक क्षमता प्रभावित होती है। साथ ही आगजनी से फसलों एवं आसपास की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचने की आशंका रहती है।
कृषि यंत्र कृषि विभाग शिवपुरी के संचालक भगवान सिंह नरवरिया ने बताया कि गांव-गांव में हमारा रथ घूम रहा है और ग्रामीणों को जागरुक कर रहा है इस अभियान के अंतर्गत किसानों को जागरूक करना और प्रदूषण को कम करना हमारा उद्देश्य है। इस मामले में किसानों को जागरुक कर कृषि उत्पादन बढ़ाना भी हमारा लक्ष्य है।