सुरेंद्र जैन धरसींवा रायपुर
छत्तीसगढ़ की राजनीति में धरसींवा विधानसभा का अपना एक अलग इतिहास है, एक अलग पहचान है। 1957 से 2023 तक हुए 14 विधानसभा चुनावों में से सर्वाधिक 7 बार यहां से मनवा कुर्मी समाज से संबंधित प्रत्याशी चुनाव जीतकर विधायक बने हैं। इसीलिए कहा जाता है धरसींवा मनवा कुर्मी समाज के प्रत्याशियों के लिए वरदान साबित हुई है।यहां जाति नहीं, समाज का विश्वास जीता है। यहां पार्टी नहीं, प्रत्याशी का काम और समाज से जुड़ाव जीता है। अलग-अलग पार्टियों से, अलग-अलग समय में, लेकिन जीत एक ही समाज के प्रत्याशियों की हुई।
1957 जहां से शुरू हुई कहानी, डॉ. खूबचंद बघेल
धरसींवा की कहानी शुरू होती है 1957 के पहले विधानसभा चुनाव से।पहले विधायक बने स्वतंत्रता सेनानी डॉ. खूबचंद बघेल। वे प्रजा सोशलिस्ट पार्टी से चुनाव जीते। वे मनवा कुर्मी समाज से आते थे और उन्हें पृथक छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वप्नदृष्टा माना जाता है।
धरसींवा विधानसभा का ग्राम पथरी उनकी जन्मभूमि है।आजादी के बाद उनका सपना था – प्रत्येक बालक-बालिका चाहे कितना भी गरीब क्यों न हो, वह पढ़-लिखकर एक जागरूक नागरिक बने।इसी सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने अपने और किसान भाइयों के आपसी सहयोग से सिलयारी में एक स्कूल की स्थापना की, जो आज डॉ. खूबचंद बघेल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सिलयारी के नाम से प्रसिद्ध है।धरसींवा की राजनीति की नींव शिक्षा और समाज सेवा पर रखी गई थी।
1962 – द्वितीय विधायक भी मनवा कुर्मी समाज से
1962 में धरसींवा के द्वितीय विधायक बने हरिप्रेम बघेल। वे भी मनवा कुर्मी समाज से ही थे।यानी शुरू के दो चुनाव, दोनों में मनवा कुर्मी समाज का ही परचम लहराया।
1985 और 1993 – फिर वही परंपरा
इसके बाद 1985 में दौलतराम वर्मा और 1993 के मध्यावधि चुनाव में बलराम वर्मा* चुनाव जीते। दोनों ही मनवा कुर्मी समाज से थे।धरसींवा ने बार-बार यह साबित किया कि यहां समाज का बेटा ही जनता का विश्वास जीतता है।
2003 से 2013 – देवजी भाई पटेल की हैट्रिक
साल 2003, 2008 और 2013 -लगातार तीन विधानसभा चुनावों में भाजपा के देवजी भाई पटेल चुनाव जीते। वे गुजराती कुर्मी समाज से माने जाते हैं।इस तरह धरसींवा विधानसभा के अब तक के 14 विधानसभा चुनावों में से 7 बार अलग-अलग पार्टियों से मनवा कुर्मी समाज के प्रत्याशी जीतकर विधायक निर्वाचित हुए।यह आंकड़ा सिर्फ जीत का नहीं है, यह जनता के भरोसे का आंकड़ा है।
सोने का अंडा देने वाली विधानसभा
धरसींवा विधानसभा को सोने का अंडा देने वाली विधानसभा माना जाता है।उरला, सिलतरा आदि क्षेत्रों में बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयां हैं। उद्योग, रोजगार, व्यापार, जमीन, राजनीति – सब कुछ यहां है।
इसीलिए यहां से हर कोई नेता बस यही चाहता है -बस एक बार ही क्यों न हो, धरसींवा का विधायक बन जाऊ।लेकिन इतिहास गवाह है – धरसींवा उसी को विधायक बनाती है, जो समाज से जुड़ा हो, जमीन से जुड़ा हो, और जनता के बीच रहता हो।