रामभरोस विश्वकर्मा, ओबेदुल्लागंज रायसेन
थाना गौहरगंज क्षेत्र के ग्राम धामधूसर में खेत में खून व मांस के अवशेष मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामले की सूचना मिलते ही विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुँचे और पुलिस प्रशासन को सूचित कर त्वरित कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325 के तहत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। प्रथम दृष्टया गाय के बछड़े के वध या काटे जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से सैंपल जब्त कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
इस मामले में खेत मालिक स्वयं फरियादी बने और थाना पहुंचकर विधिवत रिपोर्ट दर्ज कराई। घटनास्थल पर थाना प्रभारी महेश कुमार टांडेकर, फॉरेस्ट रेंजर सहित विहिप जिला मंत्री सुरेंद्र कीर, जिला बाल उपासना प्रमुख अनिल पाल, निर्भय कीर (प्रखंड सहसंयोजक) और स्वतंत्र पटेल सहित संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
विहिप जिला मंत्री सुरेंद्र कीर ने प्रशासन से मांग की है! कि सैंपल की शीघ्र जांच कर दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
इनका कहना है
“धामधूसर में मांस मिलने की शिकायत थाने में दर्ज की गई है। अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा 325 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और जांच उपरांत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
— महेश कुमार टांडेकर, थाना प्रभारी, गौहरगंज
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।