भालूमाडा के हिन्दू सम्मेलन से जातिवाद का जहर बोने वालो को कडा संदेश
मनोज कुमार द्विवेदी अनूपपुर
1925 से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ राष्ट्र प्रथम की पवित्र भावना से कार्य कर रहा है। संघ का सच्चा स्वयंसेवक राष्ट्र निर्माण के लिये सर्व समाज के बीच सतत् जागरण का कार्य कर रहा है। भारत की सर्वांगीण उन्नति के लिये नागरिकों मे कर्तव्यबोध और स्वदेशी के प्रति आग्रह होना बहुत जरुरी है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देश भर मे संघ शताब्दी वर्ष मनाया जा रहा है। भालूमाडा मे आयोजित विशाल सर्व हिन्दू सम्मेलन को संबोधित करते हुए उपरोक्त विचार कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विश्व हिन्दू परिषद के क्षेत्र प्रचारक श्री जुगराजधर द्विवेदी ने व्यक्त किये।
आयोजन को संबोधित करते हुए श्री द्विवेदी ने कहा कि आज विश्व के बहुत से देश युद्ध कर रहे हैं। आतंकवादी हमलों मे निरीह लोगो की सामूहिक हत्याएं हो रही है। जब वैश्विक वातावरण अशांत हो तब ऐसे समय मे भारत के निवासियों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण हो जाती है।

राष्ट्र प्रथम का पावन भाव प्रत्येक नागरिक के कार्य व्यवहार मे होना चाहिए । भारत को कमजोर करने के लिये बहुत सी विदेशी शक्तियाँ सक्रिय हैं । उनसे सतर्क रहते हुए हमे अपने कर्तव्यों को पूरा करते रहना है।हम जितना अपने अधिकारों और हितों के लिये जागरुक है, उतना ही नागरिक कर्तव्यों को लेकर भी सक्रिय रहें।
देश की मजबूती के लिये हमे नागरिकों मे कर्तव्यबोध और स्वदेशी के प्रति जागरुकता लाना होगा। पर्यावरण संरक्षण के लिये पानी और उर्जा का अपव्यय रोकने और वृक्षों , नदियों, धरती का संरक्षण करना चाहिए । श्री द्विवेदी ने लोगों से सामाजिक समरसता और एकजुटता बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि संघ की शताब्दी वर्ष मे हमे राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करने का संकल्प लेना होगा।

उल्लेखनीय है कि देश भर मे गाँव और बस्ती स्तर पर अलग – अलग समितियों द्वारा सर्व हिन्दू सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है। इसी संदर्भ मे अनूपपुर जिले मे जिला मुख्यालय मे पुरानी बस्ती श्री रजहाधाम हनुमान मन्दिर, चेतनानगर बस्ती मे शंकर मन्दिर चौक और श्री राम जानकी मन्दिर बस्ती का हिन्दू सम्मेलन सरस्वती शिशु मन्दिर परिसर मे किया गया। ऐसे ही 75 आयोजन जिले के अन्य कस्बों, गांव और बस्तियों मे आयोजित हो रहे हैं।
देश के अलग – अलग हिस्सों में जातिवाद का जहर बोने वालों को बडा और कडा संदेश देते हुए आयोजन समिति ने भालूमाडा के विशाल सर्व हिन्दू सम्मेलन का मुख्य अतिथि नगरपालिका भालूमाडा के स्वच्छता दूत विजय जी को बनाया । हिन्दू सम्मेलन आयोजन समिति भालूमाडा द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम दलित, आदिवासी ,पिछडा, सामान्य जाति के लोगों की एकता मे दरार डालने वालों की मंशा पर कुठाराघात करता दिखा। स्वच्छता दूत विजय जी ने मुख्य आतिथि के रुप मद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वच्छता को सर्वांगीण उन्नति का मूल मंत्र बतलाते हुए जाति वर्ग भेद से दूर रह कर सभी हिन्दुओं से एकजुट रहने की अपील की।
मातृ शक्ति श्रीमती उर्मिला गर्ग ने समाज और राष्ट्र के निर्माण मे संयुक्त परिवार की आवश्यकता और उसकी विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि परिवार के विखंडन से समाज और देश मे विसंगतियां बढ रही हैं । संयुक्त परिवार सनातन परंपरा रही है। इससे आपसे स्नेह, परवाह ,संस्कार – संस्कृति संरक्षण होता है । संयुक्त और मजबूत परिवार राष्ट्र की मजबूती का आधार होता है।
संत श्री हरिनारायण शास्त्री ने अपने सारगर्भित उद्बोधन मे लोगों से प्रकृति संरक्षण का आह्वान करते हुए कहा कि युगों युगों से सनातन धर्म मे नदियों, वृक्षों, पर्वतों , सूर्य- चन्द्र जैसे नवग्रह ,धरती ,आकाश के पूजन की परंपरा रही है।

इससे पूर्व नगर के मुख्य मार्ग से विशाल शोभायात्रा निकाली गयी। भगवान श्री राम की झांकी और भजन – कीर्तन , हर्षोल्लास के साथ निकली शोभायात्रा मे हजारो लोगों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान सस्वर भारत माता की आरती की गयी तथा सामाजिक समरसता भोज मे लोगों ने बढ चढ कर हिस्सा लिया।
बूढी माई मन्दिर से निकली शोभा यात्रा — हिन्दू सम्मेलन का शुभारंभ मन्दिर परिसर मे भगवान श्री राम जी की पूजा अर्चना से हुआ। आचार्य गणों ने मंत्रोच्चारण और शंख वादन के साथ शोभा यात्रा का शुभारंभ किया।
भारत माता की झांकी के साथ सैकड़ों लोगों ने शोभा यात्रा मे हिस्सा लिया । नगर के विभिन्न मार्गों से भारत माता की जय, वंदे मातरम्, जय श्री राम के नारे लगाते , भजन कीर्तन करते लोगों के ऊपर अनेक स्थानो पर माताओं- बहनों ने पुष्पवर्षा करके स्वागत किया।