मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल-विदिशा हाईवे 18 पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रात करीब 12 बजे कुलहड़िया बिजली घर के सामने एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसमें 14 चक्का ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया।
ट्रक क्रमांक MP 09 AM 6839 विदिशा से गेहूं भरकर इंदौर जा रहा था। जैसे ही ट्रक कुलहड़िया बिजली घर के पास पहुंचा, सामने से आ रही तेज रफ्तार कार को बचाने के प्रयास में चालक ने ट्रक को सड़क से नीचे उतार दिया। सड़क किनारे पड़े लोहे के बिजली पोल से टकराकर ट्रक अनियंत्रित हो गया और पलट गया।
हादसे में ट्रक में भरे गेहूं के बोरे सड़क किनारे बिखर गए। वहीं ट्रक चालक गोलू रैकवार (निवासी विदिशा) और क्लीनर विजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। डायल 112 की मदद से दोनों को पहले सांची सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें विदिशा रेफर कर दिया गया। दोनों के हाथ, पैर, सिर और मुंह में गंभीर चोटें आई हैं।
ट्रक के पलटने से बार-बार जाम की स्थिति बनी सुबह दीवानगंज चौकी प्रभारी सुनील शर्मा द्वारा वाहनों को सुचारू रूप से निकालने की व्यवस्था की गई।
गौरतलब है कि भोपाल-विदिशा हाईवे 18 पर पिछले 15 दिनों में 20 से ज्यादा हादसे हो चुके हैं। एक दिन पहले ही एक कार अनियंत्रित होकर द्वारकाधीश मंदिर से टकरा गई थी, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ था।
लगातार हो रहे हादसों से क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीण कई वर्षों से इस हाईवे को फोरलेन करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। 18 महीनों में हाईवे 18 पर 200 से ज्यादा हादसे हो चुके हैं जिनमें अभी तक 35 लोगों की मौत हो गई तो 200 से ज्यादा घायल हुए हैं। इसके बाद रोड का चौड़ीकरण नहीं किया जा रहा है जबकि इस रोड से रोजाना 12 हजार से अधिक वाहन निकलते हैं।