भोपाल। प्रगत शैक्षिक अध्ययन संस्थान, भोपाल में आयोजित योग शिविर के तृतीय दिवस योगाभ्यास कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में संस्थान के मार्गदर्शन में बी.एड. एवं एम.एड. के छात्राध्यापकों के साथ-साथ संस्थान के शिक्षकों ने सहभागिता करते हुए योग की विभिन्न आसनों, प्राणायाम एवं ध्यान विधियों का अभ्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान के संचालक डा. रामकुमार स्वर्णकार ने योग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ और सशक्त बनाता है, बल्कि मानसिक शांति, एकाग्रता एवं आत्मिक संतुलन प्रदान करने में भी सहायक है। उन्होंने योग को आधुनिक जीवनशैली में उत्पन्न तनाव, असंतुलन एवं स्वास्थ्य समस्याओं का प्रभावी समाधान बताते हुए इसे दैनिक जीवन में अपनाने पर जोर दिया। डा. स्वर्णकार ने इस अवसर पर आयुर्वेद आधारित सरल एवं उपयोगी स्वास्थ्य नुस्खों की भी जानकारी दी और प्रतिभागियों को प्राकृतिक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि योग और आयुर्वेद का समन्वय स्वस्थ, सकारात्मक एवं संतुलित जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। योग शिविर में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ अभ्यास में भाग लिया तथा योग को अपनी नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। संस्थान द्वारा इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता एवं समग्र व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देने का प्रयास निरंतर जारी है।