खेल स्टेडियम में खेल महाकुंभ का आयोजन एक एवं दो फरवरी को, खेल प्रेमियों से लेकर आम जनों में भारी उत्साह का माहौल
सी एल गौर रायसेन
जिला मुख्यालय स्थित खेल स्टेडियम में एक और दो फरवरी को रायसेन नगर में पहली बार भव्य ‘सांसद खेल महोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। इस महाकुंभ में 600 खिलाड़ी अपना दमखम दिखाएंगे, कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर रवींद्र जडेजा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा ने बताया कि उक्त कार्यक्रम में करीब 10 हजार से अधिक दर्शक खेल महोत्सव समापन कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना है। दर्शकों की भीड़ को देखते हुए जिला एवं पुलिस प्रशासन, खेल विभाग और भाजपा संगठन तैयारियों में जुटा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, 2 फरवरी को दोपहर 3 बजे भोपाल से खिलाड़ी रवींद्र जडेजा का काफिला नया बायपास रोड होकर गोपालपुर से रायसेन शहर में प्रवेश करेगा।
दर्शकों के बैठने के लिए विशेष इंतजाम
खेलस्टेडियम में दर्शकों के लिए 8 अस्थायी स्टैंड बनाए गए हैं। प्रत्येक स्टैंड में 5 कतारें हैं। एक स्टैंड में लगभग 250 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था है, यानी अस्थायी स्टैंड्स में कुल 2000 लोग बैठ सकेंगे। हालांकि, खेल विभाग का दावा है कि इनमें 3200 दर्शक बैठ सकते हैं। इसके अलावा, दक्षिण दिशा में बने स्थायी स्टैंड में भी करीब 2000 दर्शकों के बैठने की सुविधा है।
उत्तर दिशा में होगा वीवीआईपी डोम
स्टेडियम की उत्तर दिशा में एक मुख्य डोम तैयार किया गया है, जिसके दोनों ओर दो छोटे डोम भी बनाए गए हैं। मुख्य डोम में मुख्य अतिथि और वीवीआईपी अति विशिष्ट व्यक्तियों के बैठने की व्यवस्था रहेगी।
तीन गेट से होगी एंट्री, पार्किंग व्यवस्था अलग-अलग
भीड़ प्रबंधन और सुचारु आवागमन के लिए स्टेडियम में तीन दिशाओं से प्रवेश की व्यवस्था की गई है, टीमों के खिलाड़ियों के लिए एक अलग प्रवेश द्वार निर्धारित किया गया है।आम दर्शक दशहरा मैदान की ओर से प्रवेश करेंगे, वहीं उनके वाहनों की पार्किंग रहेगी, इसके अलावा वीआईपी के लिए सामुदायिक भवन की तरफ से व्यवस्था रहेगी। सांसद खेल महोत्सव महाकुंभ के समापन कार्यक्रम को लेकर पूरे संसदीयक्षेत्र में गजब का उत्साह लोगों में देखा जा रहा है।