–शिप्रा के पावन घाटों पर भी 21 लाख दीप प्रज्वलित कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए जाने की तैयारियां भी लगभग पूर्ण
हेमेंद्रनाथ तिवारी उज्जैन
शिवरात्रि महापर्व को लेकर देर रात से ही श्रद्धालु उज्जैन पहुंचने लगे थे। इस महापर्व पर इस बार श्रद्धालुओं को उज्जैन में बाबा महाकाल की दर्शनों के साथ ही शिव अर्पणम ज्योति कार्यक्रम जिसमें 21लाख दीप एक साथ प्रज्वलित होगे और वर्ल्ड रिकॉर्ड बनेगा ऐसा अद्भुत नजारा भी देखने को मिलेगा। उज्जैन में शिवरात्रि महापर्व पर श्रद्धालु आवास और पार्किंग ढूंढ रहे थे। देर रात 10:00 बजे से ही श्रद्धालु दर्शन के लिए लाइन में लगने लगे थे। जिला व पुलिस प्रशासन ओर मंदिर समिति सहित स्वयंसेवी संस्थाएं व्यवस्थाएं कर रही थी। लाखों की तादाद में श्रद्धालु बाबा महाकाल की झलक पाने के लिए पहुंच रहे हैं। यह सिलसिला अनवरत जारी है महाकाल लोक निर्माण के बाद प्रथम शिवरात्रि पर्व पर ऐसा नजारा दिख रहा है जैसा महाकुंभ के दौरान पेशवाई और शाही स्नान के पर नजर आता था। शिप्रा के पावन घाटों पर भी 21 लाख दीप प्रज्वलित कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए जाने की तैयारियां भी लगभग पूर्णता की ओर है। इंदौर रोड बड़नगर रोड देवास रोड मक्सी रोड आगर रोड से श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है।

उज्जैन में नानाखेड़ा बस स्टैंड रेलवे स्टेशन जयसिंह पुरा इंदौर गेट मालीपुरा गुदरी और महाकालेश्वर मंदिर के आसपास के क्षेत्रों में सिर्फ और सिर्फ श्रद्धालु ही नजर आ रहे हैं। महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति जिला ओर पुलिस प्रशासन व सामाजिक संस्थाओं ने ऐसी व्यवस्था की है कि श्रद्धालुओं को तनिक भी परेशानी का सामना ना करना पड़े। महाकालेश्वर मंदिर में जहां स्थान स्थान पर शिव विवाह की आकर्षक रंगोलियां बनाई गई है। आज शिव विवाह के पर्व महाशिवरात्रि पर उज्जैन में श्रद्धालुओं की संख्या बहुत अधिक है और इतनी ही जबरदस्त व्यवस्था भी की हुई है।
महाकालेश्वर मंदिर प्रशासक संदीप सोनी ने बताया कि शाम 04 बजे तक महाकालेश्वर मंदिर में लगभग 6 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन कर लिए है।