वृद्धजनों के सम्मान में झुका सिर, सेवा संकल्प ने जगाई संवेदना
महात्मा गांधी वृद्ध आश्रम में हुआ भव्य आयोजन, सांची विधायक डॉ. चौधरी और जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान
सी एल गौर रायसेन
“जिन हाथों ने कभी परिवार और समाज को संभाला, आज उन्हीं हाथों को सम्मान और सहारे की जरूरत है।” इसी भावना को साकार करते हुए रविवार को महात्मा गांधी वृद्ध आश्रम में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गरिमामय एवं भावपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, संवेदना और सेवा का संदेश पूरे समाज को दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांची विधायक डॉ. चौधरी एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा ने वृद्ध आश्रम पहुंचकर वरिष्ठ नागरिकों से आत्मीय संवाद किया और उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के हित में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही ‘सेवा, मेरा योगदान’ कार्यक्रम के माध्यम से समाज के प्रत्येक व्यक्ति से सेवा और सहयोग की भावना से आगे आने का आह्वान किया गया।
पुष्पहार पहनाकर किया सम्मान, शॉल और फल किए वितरित
समारोह का सबसे भावुक क्षण उस समय आया, जब अतिथियों ने आश्रम में निवासरत वृद्धजनों को पुष्पहार पहनाकर सम्मानित किया। इसके साथ ही वृद्धजनों को शॉल एवं फल वितरित किए गए। सम्मान पाकर वृद्धजनों के चेहरों पर खुशी और आत्मीयता साफ झलक रही थी। अतिथियों ने कहा कि वृद्धजनों का सम्मान हमारी सामाजिक और सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न हिस्सा है।

“वरिष्ठ नागरिक बोझ नहीं, अनुभव की अमूल्य धरोहर”
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक किसी भी समाज की जीवंत धरोहर होते हैं। उनके पास जीवन का लंबा अनुभव, संघर्षों से अर्जित ज्ञान और आने वाली पीढ़ियों को दिशा देने की क्षमता होती है। ऐसे में उनके सम्मान और देखभाल की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, बल्कि परिवार और समाज की भी है।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता, सम्मान और सहयोग की भावना को मजबूत करना है। प्रत्येक व्यक्ति अपने सामर्थ्य के अनुसार किसी जरूरतमंद और वरिष्ठ नागरिक की सेवा में योगदान देकर इस संकल्प को सार्थक बना सकता है।
बड़ी संख्या में जुटे वृद्धजन और जनप्रतिनिधि
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ भाजपा नेता धीरेंद्र कुशवाहा, बृजेश चतुर्वेदी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जमुना सेन, अनिल चौरसिया, राजकुमार यादव,वृद्धजन, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान आश्रम में आत्मीयता, सम्मान और सेवा भावना का वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम ने समाज को एक महत्वपूर्ण संदेश दिया कि वृद्धजनों की सेवा केवल कर्तव्य नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संस्कार और मानवीय संवेदनाओं की पहचान है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से आयोजित यह आयोजन वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और उनके प्रति समाज की जिम्मेदारी को मजबूती से रेखांकित किया गया।