रानी सौरभ जैन ने आमजन से लाभ उठाने की अपील
सुरेन्द्र जैन धरसीवां
तिल्दा-नेवरा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 7 अक्टूबर 2026 को शासकीय बद्रीनारायण बागड़िया उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नेवरा में दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
इस अवसर पर वार्ड क्रमांक 21, मिशन वार्ड की पार्षद एवं भाजपा महिला मोर्चा तिल्दा-नेवरा शहर मंडल की अध्यक्ष रानी सौरभ जैन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ उठाएं।
रानी सौरभ जैन ने कहा कि एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होना आमजन के लिए सुविधाजनक पहल है। इससे ग्रामीणों एवं नागरिकों को अलग-अलग शासकीय कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और समय एवं श्रम की बचत होगी।
शिविर में आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, श्रम कार्ड, राशन कार्ड, किसान किताब, मनरेगा जॉब कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, लर्निंग लाइसेंस, वाहन नंबर प्लेट, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र तथा विभिन्न प्रकार के पेंशन सत्यापन सहित अनेक सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार संबंधित आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर शिविर में पहुंचे, ताकि उनके आवेदन एवं समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही निराकरण हो सके।
रानी सौरभ जैन ने कहा कि सेवा का उद्देश्य तभी सार्थक है, जब शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक सहजता से पहुंचे। सेवा सेतु शिविर इसी भावना के साथ आमजन और शासन के बीच सुविधा का सेतु बनने का प्रयास है।