रायसेन। जिला मुख्यालय के ग्राम नयापुरा स्थित बीट गोंदरा के जंगल में अपने मवेशियों को चराने गए एक युवक पर हिंसक वन्यजीव ने हमला कर दिया। हमले में युवक गोलू गोंड घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है।
घायल युवक गोलू गोंड के अनुसार, जंगल में मवेशी चराने के दौरान उस पर बाघ ने हमला किया। हमले में उसे चोटें आईं। हालांकि, वन विभाग की टीम ने अभी इस बात की पुष्टि नहीं की है कि हमला बाघ ने ही किया है।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल की जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक पर किस हिंसक वन्यजीव ने हमला किया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

दो दिनों में दूसरी घटना से बढ़ी चिंता
बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों में अलग-अलग स्थानों पर बाघ के हमले की दो घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे में जंगल से लगे क्षेत्रों में ग्रामीणों और मवेशी चराने जाने वाले लोगों में चिंता बढ़ गई है।
वन विभाग द्वारा घटनास्थल की जांच के बाद ही हमले में शामिल वन्यजीव की पहचान और घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।