– श्रावण माह में प्रतिदिन हो रहे धार्मिक आयोजन, बड़ी संख्या में महिलाएं ले रहीं हिस्सा
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
श्रावण माह के पावन अवसर पर श्रीराम जानकी मंदिर में धार्मिक आयोजनों का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं द्वारा पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं भगवान शिव का विधि-विधान एवं भक्तिभाव के साथ अभिषेक किया गया। अभिषेक के दौरान बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया। महिलाओं ने पार्थिव शिवलिंग बनाए तथा भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की तथा सुख-समृद्धि एवं परिवार की मंगलकामना की। मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

मंदिर की पुजारी श्रीमती हिरदेश पचौरी एवं पीयूष चौबे द्वारा श्रद्धालुओं को विधि-विधान से पूजन एवं अभिषेक कराया जा रहा है। श्रावण माह के दौरान मंदिर में नियमित रूप से धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं, जिनमें श्रद्धालु उत्साहपूर्वक शामिल हो रहे हैं। आयोजन में विशेष रूप से महिलाओं की बड़ी संख्या में सहभागिता देखी जा रही है। शिव अभिषेक के बाद नगर की बीना नदी में विसर्जन कार्यक्रम संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं का कहना है कि श्रावण माह में भगवान शिव की आराधना और अभिषेक का विशेष महत्व है। मंदिर में आयोजित इन धार्मिक कार्यक्रमों से श्रद्धालुओं को सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना करने और आध्यात्मिक वातावरण का लाभ मिल रहा है।