सी के पारे रायसेन
संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज के समरसता एवं सामाजिक एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आज रायसेन स्थित श्री गुरु रविदास महाराज मंदिर प्रांगण में समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य राज्य मंत्री श्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी, भोजपुर विधायक सुरेंद्र पटवा, पूर्व मंत्री रामपाल सिंह एवं राकेश शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, संत समाज और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने संत गुरु रविदास महाराज के जीवन, उनके विचारों और सामाजिक समरसता के लिए किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संत रविदास महाराज ने समाज को जाति-पंथ से ऊपर उठकर समानता, भाईचारे, मानवता और सामाजिक एकता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं।
अतिथियों ने संत रविदास महाराज के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया तथा समाज में समरसता और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में संत रविदास महाराज के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया गया।
समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा के माध्यम से संत गुरु रविदास महाराज के संदेश को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं ने सामाजिक एकता और समरसता को मजबूत करने का संकल्प लिया।