फंदा के पास अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री लगाने का विरोध, भोपाल और सीहोर के किसानों ने दी आंदोलन की चेतावनी
अनुराग शर्मा सीहोर
सीहोर और भोपाल के बीच स्थित फंदा के समीप प्रस्तावित अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री को लेकर स्थानीय किसानों का विरोध तेज हो गया है। इस परियोजना के खिलाफ दोनों जिलों के बड़ी संख्या में किसान एकत्रित होकर धरने पर बैठ गए हैं और फैक्ट्री स्थापित न होने देने का संकल्प लिया है।
विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना है कि यदि इस क्षेत्र में सीमेंट फैक्ट्री लगती है, तो इससे पर्यावरण और खेती को गंभीर नुकसान पहुंचेगा। किसानों ने आशंका जताई है कि फैक्ट्री से निकलने वाली कई मीट्रिक टन सीमेंट की धूल आसपास के खेतों में जमेगी, जिससे अनाज और सब्जियों की पैदावार पूरी तरह प्रभावित होगी। इसके साथ ही, धूल के कारण स्थानीय निवासियों और बच्चों में गंभीर बीमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ जाएगा।
किसानों की एक बड़ी चिंता भूजल स्तर को लेकर भी है। उनका मानना है कि फैक्ट्री के संचालन के लिए जमीन से अत्यधिक मात्रा में पानी निकाला जाएगा, जिससे आसपास के जल स्रोत सूख जाएंगे और क्षेत्र में सिंचाई व पीने के पानी के संकट के साथ भुखमरी जैसी स्थिति पैदा हो सकती है।
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल वे सांकेतिक रूप से धरना दे रहे हैं। किसानों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को अनसुना कर फैक्ट्री लगाने का प्रयास किया गया, तो वे हाईवे जाम करेंगे और उग्र आंदोलन करते हुए राजधानी भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।