अनुराग शर्मा इंदौर/भोपाल
अल्ट्राटेक फैक्ट्री स्थापित किए जाने के विरोध में किसानों का आक्रोश सड़कों पर फूट पड़ा। प्रशासन की अनदेखी से नाराज किसानों ने इंदौर-भोपाल हाईवे पर पहुंचकर दोनों ओर से मार्ग जाम कर दिया, जिससे घंटों तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।
जानकारी के अनुसार, किसान पहले शांतिपूर्ण तरीके से सांकेतिक धरना दे रहे थे, लेकिन जब लंबे इंतजार के बाद भी कोई जिम्मेदार अधिकारी उनकी सुध लेने नहीं पहुंचा, तो किसानों का सब्र जवाब दे गया। आक्रोशित किसानों ने हाईवे पर बैठकर चक्का जाम कर दिया। देखते ही देखते हाईवे के दोनों तरफ हजारों की संख्या में छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन की नींद खुली और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान किसानों ने दो टूक शब्दों में कहा कि वे किसी भी हालत में अपने क्षेत्र में अल्ट्राटेक फैक्ट्री नहीं खुलने देंगे। अधिकारियों द्वारा समझाइश और उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद दोनों पक्षों में सहमति बनी, जिसके बाद किसानों ने चक्का जाम समाप्त किया।
हालांकि, किसानों ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा के भीतर उनकी मांगों पर अमल नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।