– चयनित विद्यार्थियों को मिलेगा संभाग और विश्वविद्यालय स्तर पर प्रदर्शन का मौका
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शासकीय पीएमश्री महाविद्यालय में दो दिवसीय महाविद्यालयीन युवा उत्सव की शुरुआत उत्साह और उल्लास के साथ हुई। पहले दिन महाविद्यालय परिसर सांस्कृतिक रंगों से सराबोर नजर आया। विद्यार्थियों ने मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया तो दर्शकों ने तालियों से उनका हौसला बढ़ाया। युवा उत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ कला, संस्कृति और बौद्धिक क्षमता के प्रदर्शन का मंच देना है।
युवा उत्सव के पहले दिन 27 नवंबर को ऑन-द-स्पॉट पेंटिंग, एकल गायन, समूह गायन, एकल नृत्य और समूह नृत्य की प्रस्तुतियां हुईं। एकल गायन में विद्यार्थियों ने लोकगीत, शास्त्रीय और फिल्मी गीतों की प्रस्तुति दी, वहीं समूह गायन में सामूहिक सुरों ने सबका मन मोह लिया। नृत्य की प्रस्तुतियों में पारंपरिक लोकनृत्य के साथ आधुनिक नृत्य की झलक भी देखने को मिली। पेंटिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने कल्पना और रंगों के माध्यम से सामाजिक संदेश दिए।
दूसरे दिन 28 नवंबर को वक्तृत्व कला, वाद-विवाद, प्रश्नमंच (क्विज), क्ले मॉडलिंग, कोलाज एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की तर्कशक्ति, सामान्य ज्ञान, रचनात्मकता और कलात्मक सोच का परीक्षण होगा। निर्णायक मंडल द्वारा हर विधा में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।
युवा उत्सव प्रभारी प्रोफेसर पल्लवी शर्मा गोयल ने बताया कि छात्रों की रचनात्मकता, कलात्मक कौशल और बौद्धिक क्षमता को मंच देने के लिए यह आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे अपनी छिपी प्रतिभा को पहचान पाते हैं।
पीएमश्री महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पवन कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि युवा उत्सव केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का माध्यम है। उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास है कि विद्यार्थी किताबी ज्ञान के साथ-साथ कला और संस्कृति से भी जुड़ें। मंच पर खड़ा होना ही बड़ी सफलता है, हार-जीत से ऊपर बढ़कर सीखना ही इस उत्सव की असली उपलब्धि है।” उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महाविद्यालय भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को बढ़ावा देगा।
इस युवा उत्सव में अच्छे प्रदर्शन के आधार पर चयनित विद्यार्थियों को संभाग स्तर पर प्रदर्शन का मौका मिलेगा। इसके बाद विश्वविद्यालय स्तर पर भी उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।