प्रधानमंत्री योजना की सड़क खोदकर छोड़ दी, एक सप्ताह बाद भी नहीं हुई मरम्मत; दीवानगंज फैक्ट्री चौराहे पर हादसे का खतरा बढ़ा
हलाली समूह जल प्रदाय योजना के पाइप डालने के बाद सड़क बनी मुसीबत, दुकानदार और राहगीर परेशान, जिम्मेदारों की चुप्पी
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाले दीवानगंज के फैक्ट्री चौराहे पर हलाली समूह जल प्रदाय योजना के तहत पाइप लाइन बिछाने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत बनी सड़क को करीब एक सप्ताह पहले खोद दिया गया था। पाइप डालने का कार्य तो पूरा हो गया, लेकिन सड़क की मरम्मत आज तक नहीं की गई। इससे क्षेत्र में लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
सड़क खोदने के बाद निकला मलबा कई दुकानदारों के सामने ही छोड़ दिया गया है। इससे दुकानों तक ग्राहकों का पहुंचना मुश्किल हो गया है और व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। राहगीरों को भी धूल, गिट्टी और मलबे के बीच से निकलना पड़ रहा है।
सबसे बड़ी चिंता सड़क पर बने गहरे गड्ढे हैं। वाहन चालक अचानक गड्ढे आने से अपना संतुलन खो रहे हैं। कई बाइक सवार अनियंत्रित होकर गिरने से बाल-बाल बच चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों और व्यापारियों ने संबंधित विभाग एवं निर्माण एजेंसी से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कर मलबा हटाया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और किसी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।