मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
रायसेन जिले के सांची विकासखंड अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत अंबाड़ी के अंतर्गत आने वाले सत्ती टोला में रविवार को विकास की नई इबारत लिखी गई। यहां 6 लाख 77 हजार रुपये की लागत से निर्मित सीसी रोड का लोकार्पण सरपंच कुंती रमेश कुमार, जनपद सदस्य प्रतिनिधि चरण सिंह एवं वार्ड सदस्य अनिल द्वारा फीता काटकर मिठाई खिलाकर किया गया। सड़क के शुभारंभ के साथ ही ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार सत्ती टोला में बरसात के दिनों में सड़क पर कीचड़ और जलभराव के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। स्कूल जाने वाले बच्चों, किसानों, महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में दिक्कत होती थी। कई बार बीमार व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाने में भी परेशानी आती थी। नई सीसी रोड बनने से अब ग्रामीणों को हर मौसम में सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

लोकार्पण समारोह में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ग्राम पंचायत अंबाड़ी में विकास कार्यों को गति दी जा रही है और ग्रामीणों की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी सड़क, पानी, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाओं से जुड़े कार्य जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। लोगों ने सड़क निर्माण पर खुशी जाहिर करते हुए इसे गांव के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। ग्रामीणों ने कहा कि यह सड़क केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि सत्ती टोला के विकास और प्रगति का नया रास्ता है।
ग्रामीणों में उत्साह, विकास को मिली नई रफ्तार
सत्ती टोला में सीसी रोड बनने से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि क्षे त्र में विकास गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने जनप्रतिनिधियों तथा प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। यह निर्माण कार्य ग्राम पंचायत अंबाड़ी के विकास कार्यों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।