देवेंद्र तिवारी सांची रायसेन
विश्व धरोहर स्थल सांची स्थित महाबोधि सोसायटी में प्रख्यात पुरातत्वविद पद्मश्री डॉ. नारायण व्यास के सम्मान में एक भव्य ‘अभिनंदन समारोह’ का गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में इतिहास प्रेमी, शोधार्थी, शिक्षाविद और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
इस विशेष सम्मान समारोह का संयुक्त आयोजन ‘इतिहास संकलन समिति (जिला रायसेन)’ और ‘विदिशा की विरासत’ संस्था द्वारा किया गया। पूरे कार्यक्रम को ‘इतिहास संकलन समिति मध्य भारत प्रांत, भोपाल’ का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

समारोह के दौरान वक्ताओं ने डॉ. नारायण व्यास के भारतीय इतिहास, संस्कृति और पुरातत्व संवर्धन में दिए गए अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. व्यास का जीवन प्राचीन धरोहरों के संरक्षण और नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध ऐतिहासिक विरासत से जोड़ने के प्रति समर्पित रहा है। उन्हें पद्मश्री सम्मान मिलना संपूर्ण क्षेत्र और प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने डॉ. व्यास को पुष्पगुच्छ, शॉल व श्रीफल भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत व अभिनंदन किया। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।