सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
मध्यप्रदेश शिक्षक संघ द्वारा संगठन की वैचारिक एवं संगठनात्मक सुदृढ़ता के उद्देश्य से त्रिदिवसीय प्रांतीय अभ्यास वर्ग का आयोजन 26 से 28 जून 2026 तक उज्जैन में किया जा रहा है। यह अभ्यास वर्ग श्री महाकालेश्वर वैदिक प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान तथा सम्राट विक्रमादित्य भवन (विद्या भारती), चिंतामण गणेश मंदिर रोड, उज्जैन में आयोजित होगा।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. क्षत्रवीर सिंह राठौर, प्रदेश महामंत्री राकेश गुप्ता, वर्ग संयोजक सुभाष पाटीदार एवं रायसेन जिला अध्यक्ष गिरीश चंदेल के अनुसार संगठन की 100 वर्ष की साधना यात्रा पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राष्ट्र निर्माण, समाज परिवर्तन और जनजागरण के विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (दिल्ली) के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रांतीय अभ्यास वर्ग में प्रदेशभर से दायित्ववान कार्यकर्ता भाग लेंगे। अभ्यास वर्ग में शिक्षा में भारतीयता, शिक्षकों में राष्ट्रीयता, विद्यार्थियों में चरित्र निर्माण एवं नैतिक मूल्यों के संवर्धन सहित संगठनात्मक विषयों पर मंथन एवं प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। साथ ही संघ की आगामी कार्ययोजना, शैक्षिक चुनौतियों तथा समाज व राष्ट्रहित में शिक्षकों की भूमिका पर भी विस्तृत चर्चा होगी। सभी अपेक्षित कार्यकर्ताओं से अभ्यास वर्ग में सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया है।
आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया है कि यह प्रशिक्षण वर्ग संगठन की विचारधारा एवं कार्यक्षमता को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।