इनवर्टर ने दिए जवाब, पानी के लिए तरसे ग्रामीण, बिजली विभाग पर बढ़ा आक्रोश
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के दीवानगंज क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से जारी अघोषित बिजली कटौती ने ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। दीवानगंज, अंबाडी, सेमरा सहित आसपास के कई गांवों में घंटों बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि बार-बार बिजली जाने और लंबे समय तक आपूर्ति बाधित रहने के कारण लोगों के इनवर्टर तक चार्ज नहीं हो पा रहे हैं, जिससे रात के समय घरों में अंधेरा छाया रहता है। इस समय उमस भरी गर्मी पड़ रही है जिससे बड़े बुजुर्ग युवा दिनभर गर्मी से परेशान हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि भीषण उमस और गर्मी के बीच बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं। दिन में पंखे और कूलर बंद रहने से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं रात में भी बार-बार बिजली जाने से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है।
सबसे गंभीर स्थिति पेयजल व्यवस्था को लेकर बनी हुई है। अंबाडी, दीवानगंज सहित कई पंचायतों में घरों तक पानी की आपूर्ति सीधे ट्यूबवेल और विद्युत मोटरों के माध्यम से की जाती है। बिजली नहीं मिलने के कारण मोटरें नहीं चल पा रही हैं, जिससे कई मोहल्लों में पानी की सप्लाई प्रभावित हो गई है। ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है तथा हैंडपंपों पर भीड़ बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली कटौती के संबंध में विभाग द्वारा कोई पूर्व सूचना नहीं दी जा रही है। अघोषित कटौती के कारण लोग अपने दैनिक कार्यों की योजना भी नहीं बना पा रहे हैं। किसानों का कहना है कि खेतों में सिंचाई कार्य भी प्रभावित हो रहा है, जिससे फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।
क्षेत्रवासियों ने बिजली विभाग से मांग की है कि अघोषित कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए और यदि किसी तकनीकी कारण से आपूर्ति बाधित करनी पड़ रही है तो इसकी पूर्व सूचना दी जाए। लगातार बिगड़ती स्थिति को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है और जल्द सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी जा रही है।