98.72 करोड़ की हलाली समूह जलप्रदाय योजना अंतिम चरण में, जल्द 61 गांवों के घरों में पहुंचेगा डैम का शुद्ध पानी
चार दिनों से फैक्ट्री चौराहे दीवानगंज पर गांव की लाइन जोड़ने का चल रहा है कार्य
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना के तहत रायसेन और भोपाल जिले के 61 गांवों में घर-घर नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाने का सपना अब साकार होने के करीब है। लगभग 98.72 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जा रही हलाली समूह जलप्रदाय योजना अंतिम चरण में पहुंच गई है। वर्तमान में दीवानगंज, अंबाडी, सेमरा, छोला सहित कई गांवों की पाइपलाइन को भोपाल-विदिशा हाईवे-18 के किनारे बिछाई गई मुख्य जलप्रदाय लाइन से जोड़कर परीक्षण किया जा रहा है।
योजना के तहत प्रत्येक गांव की लाइन को मुख्य पाइपलाइन से जोड़ने के लिए हाईवे किनारे विशेष वाल्व लगाए गए हैं। जिन गांवों में कार्य शेष है, वहां भी तेजी से पाइपलाइन कनेक्शन का कार्य जारी है। अधिकारियों के अनुसार अगले कुछ महीनों में ग्रामीणों को हलाली बांध का शुद्ध पेयजल मिलना शुरू हो जाएगा।
डेढ़ लाख आबादी को मिलेगा लाभ
हलाली समूह जलप्रदाय योजना के पूर्ण होने पर सांची जनपद के 25 गांवों तथा भोपाल जिले के 36 गांवों के करीब डेढ़ लाख लोगों को लाभ मिलेगा। योजना के तहत लगभग 30 हजार घरों में नल कनेक्शन प्रदान किए जाएंगे। घरों के अलावा स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में भी नियमित पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
दहेड़ा में बन रहा 7.75 एमएलडी क्षमता का जल शोधन संयंत्र
योजना के अंतर्गत ग्राम दहेड़ा में 7.75 एमएलडी क्षमता का अत्याधुनिक जल शोधन संयंत्र बनाया जा रहा है। यहां से शुद्ध किए गए पानी की आपूर्ति विभिन्न गांवों तक पाइपलाइन के माध्यम से की जाएगी। इससे ग्रामीणों को वर्षों पुरानी पेयजल समस्या से राहत मिलेगी।

18 पानी की टंकियां तैयार, 4 गांवों में निर्माण जारी
गांवों तक निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 18 पानी की टंकियों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि नरखेड़ा, कचनारिया, मुरलीखेड़ी और घाटखेड़ी में टंकियों का निर्माण तेजी से चल रहा है। पहले इन गांवों में टंकी निर्माण की कोई योजना नहीं थी, लेकिन बढ़ती जरूरतों को देखते हुए इन्हें भी योजना में शामिल किया गया।
हलाली डैम पर 26 करोड़ से बने गेट
हलाली बांध के बेस्ट वेयर पर लगभग 26 करोड़ रुपये की लागत से गेट निर्माण का कार्य भी पूरा किया जा चुका है। इससे आवश्यकतानुसार पानी का भंडारण किया जा सकेगा तथा अधिक पानी होने पर नियंत्रित तरीके से निकासी भी संभव होगी। इससे बाढ़ की स्थिति पर नियंत्रण के साथ किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा।
जल विकास निगम कर रहा अंतिम परीक्षण
जल विकास निगम भोपाल और रायसेन संयुक्त रूप से इस महत्वाकांक्षी योजना को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। गांव-गांव में बिछाई गई पाइपलाइनों को मुख्य लाइन से जोड़कर परीक्षण किया जा रहा है। दीवानगंज, छोला और आसपास के कई गांवों में सफल परीक्षण भी हो चुका है।
ग्रामीणों का कहना है कि योजना शुरू होने के बाद उन्हें पानी के लिए हैंडपंप और कुओं पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। वर्षों से जिस सुविधा का इंतजार था, वह अब कुछ ही महीनों में उनके घरों तक पहुंचने वाली है। हलाली समूह जलप्रदाय योजना के पूर्ण होते ही ग्रामीण अंचल में जल संकट का बड़ा समाधान होगा और गांवों को शहरों जैसी पेयजल सुविधा प्राप्त होगी।
इनका कहना हे
चार दिनों से फैक्ट्री चौराहे दीवानगंज पर हलाली डैम आई बड़ी पाइप लाइन से छोटी लाइन को जोड़ने का कार्य चल रहा है दो से चार दिन बाद दीवानगंज गांव को पानी मिलना प्रारंभ हो जाएगा यह बड़ी सुविधा क्षेत्र के बहुत बड़ी है गर्मियों में पानी की समस्या हल हो जाएगी।
गिरजेश नायक सरपंच दीवानगंज
20 गांव में हलाली डैम से पानी पहुंचने लगा है शेषगांव जो बचे हुए हैं उनमें तेज गति से कार्य चल रहा है अंबाडी, सेमरा की पाइपलाइन को भी जोड़ दिया गया है कुछ ही दिनों में पानी मिलने लगेगा।
भानु लोधी सरपंच ग्राम सेमरा