राम जानकी मंदिर परिसर में चला विशेष अभियान
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में ग्राम पंचायत दीवानगंज द्वारा भवानी चौक स्थित राम जानकी मंदिर प्रांगण में विशेष स्वच्छता एवं पौधारोपण अभियान चलाया गया। पंचायत प्रतिनिधियों, आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं तथा ग्रामीणों ने मिलकर मंदिर परिसर की साफ-सफाई कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। उपस्थित लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। एक पौधा न केवल पर्यावरण को शुद्ध करता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करता है।

ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से अपने घरों, खेतों और सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। साथ ही स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर गांव को स्वच्छ एवं हरित बनाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर सरपंच गिरजेश नायक, सचिव रामप्रसाद मालवीय, सांची ब्लॉक की समन्वय अधिकारी रंजना मारन, आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ता, अमित पाल राघव, मुकेश साहू, मनोज जाटव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।