किसान नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में गैरतगंज में अल्टीमेटम, पैदल मार्च में शामिल होंगे क्षेत्र के किसान
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा विभिन्न मांगों को लेकर होशंगाबाद के सेठानी घाट से मुख्यमंत्री निवास भोपाल के घेराव के लिए निकाले जा रहे पैदल मार्च के दौरान विभिन्न जिलों के किसान नेताओं को रोके जाने और गिरफ्तार किए जाने का क्रांतिकारी किसान संगठन (मध्य भारत) ने कड़ा विरोध किया है।

विरोध जताते हुए किसानों द्वारा रायसेन प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को अल्टीमेटम सौंपा गया है। संगठन ने आरोप लगाया कि पैदल मार्च के दौरान करीब 40 किसान नेताओं को गिरफ्तार किया गया। वहीं हरदा के किसानों को नजरबंद किया गया, सिवनी मालवा में बैरिकेड्स लगाकर किसानों को रोका गया तथा खंडवा से आ रहे किसानों को भी आगे बढ़ने से रोक दिया गया। संगठन ने इसे किसानों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए तत्काल रिहाई की मांग की।

क्रांतिकारी किसान संगठन (मध्य भारत) के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि किसानों पर दमनात्मक कार्रवाई बंद नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। संगठन के नेतृत्व में होने वाले आगामी पैदल मार्च में गैरतगंज एवं रायसेन जिले से बड़ी संख्या में किसान ओबेदुल्लागंज पहुंचकर शामिल होंगे। संगठन के प्रमुख मुकेश धाकड़ ने बताया कि किसानों को एकजुट कर पैदल मार्च में भाग लेने की तैयारी पूरी कर ली गई है और बड़ी संख्या में किसान आंदोलन में शामिल होंगे।