क्षेत्र में शोक की लहर
रामभरोस विश्वकर्मा, मंडीदीप रायसेन
मंडीदीप के राहुल नगर मौजमपुर क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां तालाब में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान अमन वाल्मीकि (15 वर्ष) एवं जय नागले (14 वर्ष) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों किशोर तालाब में नहाने गए थे, तभी अचानक गहरे पानी में चले जाने से डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मौके पर थाना सतलापुर पुलिस एवं SDRF टीम पहुंची और संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
काफी मशक्कत के बाद देर रात लगभग 12 बजे दोनों किशोरों के शव तालाब से बाहर निकाले गए। पुलिस द्वारा दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल मंडीदीप भेजा गया है, जहां सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। इस दुखद घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तालाबों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।