सुरेन्द्र जैन धरसीवां रायपुर
ब्लॉक काँग्रेस कमेटी धरसीवा द्वारा जिला काँग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के अध्यक्ष पप्पू राजेन्द्र बंजारे के नेतृत्व एवं ब्लॉक काँग्रेस कमेटी धरसीवा के अध्यक्ष आशीष वर्मा के संयोजन में ग्राम तिवरैया में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित तथाकथित “सुशासन तिहार” कार्यक्रम का जोरदार विरोध किया गया।
काँग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर किसानों के साथ छल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर सरकार सुशासन का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर किसान खाद, बीज और अन्य आवश्यक कृषि संसाधनों के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। पूर्ववर्ती काँग्रेस सरकार के दौरान किसानों को समय पर एवं पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराया जाता था, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार किसानों को उनकी जरूरत के अनुरूप खाद उपलब्ध कराने में असफल साबित हो रही है। इसका सीधा प्रभाव खेती की लागत, उत्पादन और किसानों की आर्थिक स्थिति पर पड़ रहा है।
जिला काँग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के अध्यक्ष पप्पू राजेन्द्र बंजारे ने कहा कि भाजपा सरकार केवल प्रचार और आयोजन में व्यस्त है, जबकि किसानों की वास्तविक समस्याओं से उसका कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद के लिए लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है और सरकार इसे सुशासन बताने का प्रयास कर रही है। यह किसानों के साथ अन्याय है, जिसे काँग्रेस पार्टी कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।

प्रदेश कार्यकारिणी ओबीसी विभाग के अध्यक्ष श्भावेश बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि जब किसान संकट में हो, युवाओं को रोजगार न मिल रहा हो और महँगाई लगातार बढ़ रही हो, तब सरकार का उत्सव मनाना जनता की भावनाओं का अपमान है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियाँ किसान, मजदूर, युवा और आम नागरिक—सभी वर्गों के लिए निराशाजनक साबित हुई हैं। काँग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर हर अन्याय के खिलाफ संघर्ष करती रहेगी।
इस कार्यक्रम में पूर्व जिला काँग्रेस कमेटी अध्यक्ष उधोराम वर्मा, पूर्व ब्लॉक काँग्रेस कमेटी अध्यक्ष दुर्गेश वर्मा, मंडल अध्यक्ष साहिल खान, नगर पंचायत कुंरा काँग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरेश साहू, ब्लॉक काँग्रेस कमेटी महामंत्री श्री देवेन्द्र खेलवार, मंडल उपाध्यक्ष श्री कमल साहू, ब्लॉक काँग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष मोहन साहू, ब्लॉक काँग्रेस कमेटी सचिव श्री नारद साहू, दीपक साहू, एनएसयूआई सचिव राकेश निषाद सहित बड़ी संख्या में काँग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
काँग्रेस पार्टी ने स्पष्ट किया कि किसानों के अधिकार, सम्मान और हितों की रक्षा के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा। जब तक किसानों को खाद, बीज, उचित मूल्य और सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ नहीं मिलेगा, तब तक भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की जाती रहेगी।