मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल-विदिशा हाईवे 18 के आसपास खेतों में नरवाई जलाने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। रोजाना कहीं न कहीं खेतों में आग लगने से आसपास का वातावरण धुएं से भर रहा है, वहीं अब यह लापरवाही राहगीरों और वाहन चालकों के लिए भी बड़ा खतरा बनती जा रही है। हाईवे 18 पर ऐसा ही एक मामला सामने आया, जब खेतों में लगी आग की चपेट में आने से सड़क किनारे खड़ा एक बबूल का पेड़ जलकर अचानक हाईवे पर गिर पड़ा।
पेड़ गिरते ही हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हो गया और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। घटना के समय वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि गनीमत रही कि जिस वक्त पेड़ गिरा उस समय उसके नीचे से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था, अन्यथा बड़ा सड़क हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फसल कटाई के बाद खेत साफ करने के लिए नरवाई में आग लगा दी जाती है, लेकिन कई बार यही आग बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ों और झाड़ियों तक पहुंच जाती है। तेज गर्मी और हवा के कारण आग तेजी से फैल रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नरवाई जलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके। वहीं राहगीरों ने भी हाईवे किनारे लगातार लग रही आग को लेकर चिंता जताई है। 2 दिन पहले भी पुरानी दीवानगंज चौकी के समीप भीषण आग लग गई थी जिसे कई बड़े और छोटे पेड़ जल गए थे। 1 घंटे तक ट्रैफिक जाम हो गया था।