रायसेन। जिला कांग्रेस कमेटी रायसेन के तत्वावधान में नीट परीक्षा पेपर लीक मामले के विरोध में छात्रों के हितों की रक्षा एवं निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर 16 मई 2026 को रायसेन में विशाल मशाल जुलूस आयोजित किया जाएगा।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग़ैरतगंज एवं देवनगर द्वारा कांग्रेस परिवार की सभी इकाइयों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, युवा साथियों तथा छात्र वर्ग से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की गई है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नीट परीक्षा में हुए कथित पेपर लीक प्रकरण ने देशभर के लाखों विद्यार्थियों और अभिभावकों की भावनाओं को आहत किया है। मेहनत और प्रतिभा के बल पर परीक्षा देने वाले छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी के विरोध में छात्रों के समर्थन में यह विशाल मशाल जुलूस निकालकर सरकार तक युवाओं की आवाज पहुंचाई जाएगी।
आयोजकों के अनुसार यह आंदोलन शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने, दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा युवाओं के भविष्य की सुरक्षा को लेकर आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, छात्र-युवा वर्ग एवं आमजन की सहभागिता रहने की संभावना है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग़ैरतगंज के अध्यक्ष एडवोकेट संजीव राय एवं देवनगर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामबाबू लोधी ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से समय पर उपस्थित होकर इस जन-आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।