मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल-विदिशा हाईवे 18 स्थित कुलहड़िया मोड़ पर उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे सहारा कंपनी की ओरिजनल एफडी के दस्तावेज सहित कई महत्वपूर्ण कागजात पड़े मिले। बताया जा रहा है कि अज्ञात व्यक्ति इन दस्तावेजों को सड़क पर फेंककर चला गया। राहगीरों की नजर पड़ने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार दस्तावेजों में सहारा कंपनी की एफडी संबंधी कागजात के अलावा अन्य जरूरी दस्तावेज भी शामिल थे। लोगों ने आशंका जताई है कि कहीं यह किसी धोखाधड़ी या लापरवाही का मामला तो नहीं है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी ग्राम सेमरा के नाले में बड़ी संख्या में आधार कार्ड, बैंक पासबुक और एटीएम से जुड़े दस्तावेज फेंके हुए मिले थे। उस घटना के बाद क्षेत्र में काफी चर्चा हुई थी और खबर प्रकाशित होने के बाद कुछ लोग वहां से दस्तावेज उठाकर ले गए थे।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि महत्वपूर्ण दस्तावेज इस तरह खुले में फेंका जाना गंभीर मामला है, जिससे दस्तावेज धारकों को आर्थिक और कानूनी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस से मामले की जांच कर दस्तावेज फेंकने वाले अज्ञात लोगों का पता लगाने तथा ऐसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की है।