खेलों से हमें अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की सीख मिलती है – उप मुख्यमंत्री
रीवा। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने ऋतुराज पार्क में आयोजित चार दिवसीय बास्केटबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता का आयोजन जिला बास्केटबाल संघ द्वारा किया जा रहा है, जिसमें बालक और बालिका वर्ग में 10 टीमें भाग ले रही हैं।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल हमें जीवन में अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की सीख देते हैं। खेलों में नियमित रूप से भाग लेने से तन और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। खेल ही ऐसा क्षेत्र है जिसमें हारने वाला खिलाड़ी भी जीतने वाले को दौड़कर बधाई देता है। रीवा में स्पोर्ट्स काम्पलेक्स तथा आधुनिक क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण से खेलों को बढ़ावा मिल रहा है। क्रिकेट स्टेडियम को आधुनिक बनाकर इसमें बड़ी प्रतियोगिताओं के मैच कराए जाने चाहिए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋतुराज पार्क बास्केटबाल मैदान में सिंथेटिक टर्फ लगाने के लिए हर संभव सहायता दी जाएगी।

समारोह में सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि नई पीढ़ी के बच्चे हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। खेलों में भी अब सफल खिलाड़ियों का भविष्य बहुत उज्ज्वल है। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री जी खिलाड़ियों का लगातार उत्साहवर्धन और प्रोत्साहन कर रहे हैं। युवा खेलों को अपनाकर अपने जीवन को सार्थक बनाएं। नशे की राह से बचने के लिए भी खेल सर्वोत्तम साधन है। जिला बास्केटबाल संघ के अध्यक्ष तथा विधायक गुढ़ श्री नागेन्द्र सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल हमें धैर्य, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना सिखाते हैं। यह प्रतियोगिता प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए नया मंच और प्रतिभा निखारने का सही अवसर सिद्ध होगी। कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय, पूर्व फुटबालर श्री अमीर उल्ला खान, श्री रामकुमार प्रधान, श्री सतीश सिंह, श्री पुष्पराज मिश्रा, श्री विनय तिवारी, आयोजन समिति के पदाधिकारी तथा खिलाड़ी उपस्थित रहे।