अनुराग शर्मा
सीहोर। जन आक्रोश यात्रा में शनिवार को जिला शाजापुर के पोलायकलां में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी के द्वारा विशाल जन सभा को संबोधित किया गया था। इसको लेकर इछावर विधानसभा के क्षेत्रवासी और कार्यकर्ता पूर्व विधायक शैलेन्द्र पटेल के नेतृत्व में जनसभा को सफल बनाए जाने के लिए पहुंचा। कांग्रेसजनों ने बताया कि इछावर विधानसभा क्षेत्र से करीब 800 से अधिक वाहनों के द्वारा पहुंचे क्षेत्रवासियों और कांग्रेसजनों ने अपने प्रिय नेता राहुल गांधी, कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष पूर्व सीएम कमलनाथ सहित अन्य नेताओं का स्वागत किया।

इस मौके पर पूर्व विधायक श्री पटेल ने मंच पर पहुंचे थे और कांग्रेसजनों का स्वागत और सम्मान भी किया। पूर्व विधायक शैलेन्द्र पटेल का कहना है कि कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा में जनता का अपार समर्थन जगह-जगह मिल रहा है। वहीं सत्ता में चंद महीने रहने वाली भाजपा के नेताओं में आपा-धापी मची हुई है। जनता के आक्रोश से भाजपा भयभीत है, भाजपा शिवराज सिंह नहीं बल्कि मोदी के नाम पर चुनाव लड़ रही है। हमारे द्वारा इछावर क्षेत्र में संकल्प परिवर्तन यात्रा भी निकाली जा रही है। आगामी दिनों में क्षेत्र में जनआक्रोश रैली भी निकाली जाएगी।