– फायर ब्रिगेड देरी से पहुंची, ग्रामीणों में आक्रोश
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड की ग्राम पंचायत सरार के गांव दहीडा में बुधवार शाम एक बड़ी आगजनी की घटना सामने आई। खेत की नरवाई में शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और खेत तक फैल गई।
इस दौरान किसान अशोक सिंह ठाकुर और ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चलाकर आग को रोकने की भरपूर कोशिश की, लेकिन तेज हवा के चलते चिंगारी खेत में बने मकान तक पहुंच गई। आग ने मकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां रखा करीब 18 ट्रॉली भूसा, 25 से 30 पानी के पाइप, क्वाइल डोरी और गेहूं जलकर खाक हो गया।इस हादसे में किसान अशोक सिंह ठाकुर को लगभग 2 से 3 लाख रुपए का भारी नुकसान हुआ है।

घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई थी, लेकिन मौके पर पहुंचने में एक घंटे से ज्यादा का समय लग गया। तब तक आग सब कुछ तबाह कर चुकी थी।
ग्रामीणों का कहना है कि दीवानगंज क्षेत्र के आसपास करीब 50 गांवों में लगातार आगजनी की घटनाएं सामने आ रही हैं, बावजूद इसके प्रशासन द्वारा फायर ब्रिगेड की स्थाई व्यवस्था नहीं की जा रही है। अगर समय पर फायर ब्रिगेड पहुंचती, तो नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और उन्होंने एक बार फिर क्षेत्र में स्थाई फायर ब्रिगेड की मांग उठाई है। इससे पहले भी दीवानगंज क्षेत्र में कई किसानों की फसल और जंगल जल चुका है।