विधायक अनुज शर्मा ने कुरुद सिलयारी और मनोहरा को दी करोड़ों की सौगात; माताओं-बहनों के सम्मान में बनेगा ‘महतारी सदन’
ग्राम कुरुद सिलयारी में 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले ‘महतारी सदन’ का हुआ भूमिपूजन
शासकीय हाई स्कूल में 10 लाख का प्रार्थना शेड और ग्राम मनोहरा में 10 लाख का सामुदायिक भवन जनता को समर्पित
सुरेंद्र जैन धरसींवा
धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के निरंतर विकास की कड़ी में आज ग्राम कुरुद सिलयारी और ग्राम मनोहरा में विभिन्न बुनियादी व जनसुविधा संबंधी विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय लोकप्रिय विधायक अनुज शर्मा रहे, जिन्होंने अपने करकमलों से विकास कार्यों की आधारशिला रखी और नवनिर्मित संरचनाओं को ग्रामीणों को समर्पित किया।
करोड़ों के विकास कार्यों की आधारशिला,सशक्तिकरण का केंद्र बनेगा ‘महतारी सदन’
कार्यक्रम के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने ग्राम कुरुद सिलयारी में ₹30 लाख की लागत से बनने वाले ‘महतारी सदन’ का विधि-विधान से भूमिपूजन किया। इसके साथ ही, उन्होंने शासकीय हाई स्कूल परिसर में ₹10 लाख की लागत से निर्मित प्रार्थना शेड का लोकार्पण कर इसे छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को सौंपा। इसके पश्चात, विधायक शर्मा ने ग्राम मनोहरा में आयोजित कार्यक्रम में ₹10 लाख की लागत से बनकर तैयार हुए सामुदायिक भवन का लोकार्पण कर उसे ग्रामीणों को समर्पित किया।
इस अवसर पर क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा, ग्रामीण अंचल का सर्वांगीण विकास और जन-जन तक मूलभूत सुविधाएँ पहुँचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कुरुद सिलयारी में ‘महतारी सदन’ का भूमिपूजन हमारी माताओं और बहनों के सम्मान तथा सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है। यह सदन हमारी महतारियों के सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों का एक सर्वसुविधायुक्त मंच व प्रमुख केंद्र बनेगा।
उन्होंने आगे कहा कि इसके साथ ही, हमारे युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए हाई स्कूल में ₹10 लाख की लागत से बने प्रार्थना शेड का लोकार्पण किया गया है, ताकि हमारे बच्चों को धूप-बारिश से राहत मिले और पढ़ाई व सांस्कृतिक गतिविधियों में सुविधा हो। वहीं, ग्राम मनोहरा में ₹10 लाख की लागत से सामुदायिक भवन का लोकार्पण होने से पूरे समाज को आपस में जुड़ने, विचार-विमर्श करने और मांगलिक कार्यों के आयोजन के लिए एक व्यवस्थित स्थान मिलेगा।
हमारा संकल्प: धरसींवा के हर घर तक विकास की रोशनी पहुँचाना
ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए विधायक ने कहा, हमारी सरकार और हमारा एक ही संकल्प है,धरसीवाँ के हर गाँव और हर घर तक विकास की रोशनी पहुँचाना। आज जिन विकास कार्यों की सौगात मिली है, वे केवल ईंट-पत्थर के निर्माण नहीं हैं, बल्कि ये हमारे ग्रामीण जनजीवन को सुगम और समृद्ध बनाने के मजबूत स्तंभ हैं। मैं आप सभी को विश्वास दिलाता हूँ कि विकास की यह यात्रा यहाँ थमने वाली नहीं है। धरसीवाँ विधानसभा का सर्वांगीण विकास ही मेरी प्राथमिकता है। आप सभी ग्रामवासियों का बहुत-बहुत धन्यवाद और इन सौगातों के लिए हार्दिक बधाई।
क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल
विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन और लोकार्पण से ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा गया। स्थानीय निवासियों, महिलाओं एवं बुजुर्गों ने विधायक अनुज शर्मा का पुष्पहारों एवं ढोल-नगाड़ों के साथ आत्मीय स्वागत किया तथा इन महत्वपूर्ण सौगातों के लिए विधायक महोदय का सहर्ष आभार व्यक्त किया।
इस गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान विधायक अनुज शर्मा ,शकुंतला ढीलेंद्र सेन ,दिनेश खूंटे ,रूखमणी साहू ,अशोक साहू, अनुपमा वर्मा ,रूखमणी शिवारे सहित स्थानीय सरपंच, जनपद प्रतिनिधि, मंडल पदाधिकारी, शासकीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और माताएँ-बहनें उपस्थित रहीं।