ऑनलाइन माध्यम से भी करा सकेंगे पंजीयन
बैंक खाते की जानकारी दर्ज करते समय बरतें सावधानी
समिति प्रबंधकों व ऑपरेटरों का प्रशिक्षण 16 सितंबर को
सी के पारे रायसेन
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार और बाजरा की खरीदी के लिए किसानों के पंजीयन की प्रक्रिया जिले में शुरू कर दी गई है। किसान 15 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित पंजीयन केंद्रों पर अपना पंजीयन करा सकेंगे। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले की विभिन्न तहसीलों में पंजीयन केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां संबंधित समितियों द्वारा किसानों का पंजीयन निशुल्क किया जाएगा।
कलेक्टर श्री अरुण कुमार विश्वकर्मा ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना पंजीयन अवश्य करा लें। समय पर पंजीयन होने से समर्थन मूल्य पर उपज बेचने के दौरान किसानों को किसी तरह की अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। प्रशासन ने किसानों से पंजीयन के लिए अंतिम दिनों का इंतजार नहीं करने की भी अपील की है।
उदयपुरा तहसील में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित विजन हाई, देवरी तहसील में सेवा सहकारी समिति देवरी, गैरतगंज तहसील में विपणन सेवा सहकारी समिति आलमपुर, सेवा सहकारी समिति गढ़ी तथा कृषक सेवा सहकारी समिति बम्होरी गोदर को पंजीयन केंद्र बनाया गया है।
गोहरगंज तहसील में वृहताकार सेवा सहकारी समिति मंडीदीप तथा सेवा सहकारी समिति अब्दुल्लागंज में किसान पंजीयन करा सकेंगे। वहीं बेगमगंज तहसील में सेवा सहकारी समिति सुमेर, बरेली तहसील में वृहताकार सेवा सहकारी समिति सिवनी, सेवा सहकारी संस्था पांजरा काशीराम तथा सेवा सहकारी समिति खरगोन में पंजीयन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
इसी तरह बाड़ी तहसील में सहकारी समिति चैनपुर, कृषक सेवा सहकारी समिति भैंसाया, कृषक सेवा सहकारी समिति बाड़ी, कृषक सेवा सहकारी समिति गूगल बाड़ा तथा सेवा सहकारी समिति कन्हवार को पंजीयन केंद्र बनाया गया है। रायसेन तहसील में सेवा सहकारी समिति पेमत, कृषक सेवा सहकारी समिति सांची तथा सेवा सहकारी समिति नरवर में किसान निशुल्क पंजीयन करा सकते हैं।
सुल्तानपुर तहसील में सेवा सहकारी समिति मर्यादित खमरिया सोहनपुर तथा आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था मर्यादित चंपानेर, जबकि सिलवानी तहसील में आदिम जाति सेवा सहकारी समिति चिचोली, आदिम जाति सेवा सहकारी समिति कुंडाली तथा प्राथमिक कृषि सेवा सहकारी समिति मर्यादित चुन्हेटिया में निशुल्क पंजीयन की व्यवस्था की गई है।

ऑनलाइन माध्यम से भी करा सकेंगे पंजीयन
प्रशासन ने सहकारी समितियों के अलावा किसानों को पंजीयन के कई अन्य विकल्प भी उपलब्ध कराए हैं। किसान एमपी ऑनलाइन, कॉमन सर्विस सेंटर, साइबर कैफे एवं सुविधा केंद्र आदि के माध्यम से 50 रुपए शुल्क देकर अपना पंजीयन करा सकते हैं। किसान चाहें तो अपने मोबाइल फोन से स्वयं भी पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
बैंक खाते की जानकारी दर्ज करते समय बरतें सावधानी
पंजीयन के दौरान किसानों को बैंक खाते की जानकारी को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। फिनो, एयरटेल बैंक, अक्रियाशील सेल, जनधन खाता, पेटीएम खाता, संयुक्त खाता, ऋण खाता अथवा केसीसी खाते की जानकारी पंजीयन में दर्ज नहीं करने को कहा गया है। किसानों द्वारा पंजीयन के समय जो बैंक खाता दर्ज किया जाए, उसका आधार से लिंक होना जरूरी है।
समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेचने के इच्छुक किसानों के लिए पंजीयन अनिवार्य है। ऐसे में किसान निर्धारित तिथि तक पंजीयन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि खरीदी के समय दस्तावेज या पंजीयन से जुड़ी किसी समस्या के कारण उन्हें परेशानी न उठानी पड़े।
धान उपार्जन की तैयारी तेज, समिति प्रबंधकों व ऑपरेटरों का प्रशिक्षण 16 सितंबर को
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन को लेकर रायसेन जिले में तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, रायसेन के मुख्य कार्यालय द्वारा समिति प्रबंधकों एवं ऑपरेटरों के प्रशिक्षण के संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं।
जारी पत्र के अनुसार 16 सितंबर 2026 को दोपहर 3 बजे जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायसेन के प्रधान कार्यालय स्थित सभा कक्ष में प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसमें संबंधित समिति प्रबंधकों एवं ऑपरेटरों की उपस्थिति अनिवार्य रखी गई है।
प्रशिक्षण में किसान पंजीयन से संबंधित प्रक्रिया और आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जाएगी। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित समिति प्रबंधक एवं ऑपरेटर प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर पंजीयन कार्य की जानकारी प्राप्त करें। अनुपस्थिति की स्थिति में पंजीयन कार्य से संबंधित जिम्मेदारी संबंधित समिति की होगी।
गौरतलब है कि प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार एवं बाजरा के लिए किसान पंजीयन 15 सितंबर से शुरू होकर 10 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। रायसेन जिले में किसानों की सुविधा के लिए 24 निःशुल्क पंजीयन केंद्र बनाए गए हैं।