“उड़ान” एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन
रायसेन। प्रधान जिला न्यायाधीष एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायसेन श्री राकेष मोहन प्रधान के मार्गदर्शन एवं राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायसेन जिला न्यायालय परिसर स्थित एडीआर भवन के सभागार में “सुरक्षित बचपन अभियान” के राज्य स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम का Youtube live प्रसारण एवं “उड़ान” नामक एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
राज्य स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक में मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के माननीय प्रशासनिक न्यायाधिपति एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष माननीय न्यायमूर्ति श्री विवेक रूसिया तथा अन्य माननीय न्यायमूर्तिगण की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित किया गया, जिसका सीधा प्रसारण जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायसेन के सभागार में किया गया।
कार्यशाला में विभिन्न विषय विशेषज्ञों द्वारा महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी प्रदान की गई। डॉ. उपेन्द्र बाबू खत्री, विभागाध्यक्ष योग एवं आयुर्वेद, सांची विश्वविद्यालय द्वारा किशोरों के समग्र स्वास्थ्य एवं कल्याण, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य एवं जीवनशैली पर व्याख्यान दिया गया। श्री अनिल दीक्षित, करियर काउंसलर, रायसेन द्वारा करियर मार्गदर्शन, कौशल विकास एवं भविष्य की संभावनाओं के संबंध में जानकारी दी गई।

श्रीमती अमीषा चतुर्वेदी, सदस्य बाल कल्याण समिति द्वारा बच्चों के विरुद्ध हिंसा की रोकथाम, बाल संरक्षण तंत्र, Pocso act, 2012 के प्रमुख प्रावधानों एवं निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जानकारी दी गई। श्री सुरेन्द्र सिंह, एएसआई, साइबर सेल रायसेन द्वारा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर बुलिंग एवं ऑनलाइन अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए।
इसी क्रम में डॉ. प्रीति बाला, जिला चिकित्सालय रायसेन द्वारा किशोरों के मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, आत्मविश्वास, संवाद कौशल एवं लैंगिक संवेदनशीलता के विषय में जानकारी प्रदान की गई। कार्यशाला में समूह चर्चा एवं रोल प्ले के माध्यम से भी उपस्थित बच्चों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं संरक्षण के प्रति जागरूक करना, बाल लैंगिक अपराधों की रोकथाम तथा बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने हेतु सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम में न्यायाधीषगण एसीजेएम श्रीमती हर्षिणी यादव, न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती ज्योति चतुर्वेदी, श्री ग्रजेष बघेल, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री बी.एम. सिंह सहित रिसोर्स पर्सन एवं विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।