राहुल राजोरिया रायसेन
देवनगर थाना क्षेत्र में टिकोदा के पास बुधवार को एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार बस रायसेन से गैरतगंज की ओर जा रही थी। बस में कुल 20 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि रास्ते में बस का स्टेयरिंग लॉक हो गया, जिसके चलते चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में 7 यात्री घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए रायसेन जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।