नमो नगर बना तालाब, दो दिन की बारिश में कॉलोनी में घुसा पानी, बरसाना कॉलोनी के आसपास भी अन्य कॉलोनी में हाल बेहाल
– नाली नहीं होने से कॉलोनी में सैलाब, निकासी व्यवस्था की खुली पोल
– बच्चों और बुजुर्गों को गहरे पानी से निकलने को मजबूर, रहवासियों ने लगाई प्रशासन से गुहार
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शहर में दो दिन से जारी बारिश के बाद नमो नगर और बरसाना कॉलोनी के पास स्थित अन्य कॉलोनियां तालाब बन गई हैं। नमो नगर में मुख्य सड़क से लेकर घरों के अंदर तक पानी भर गया है, जिससे रहवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार नमो नगर की मुख्य सड़क के दोनों ओर नाली नहीं होने से बारिश का पानी सीधे कॉलोनी में घुस जाता है। खेतों से आने वाले पानी की निकासी का भी कोई प्रबंध नहीं है। स्थिति यह है कि बच्चों और बुजुर्गों को घुटनों तक भरे पानी से होकर निकलना पड़ रहा है।

रहवासियों का कहना है कि हर साल बारिश में यही हालात बनते हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। यदि सड़क किनारे पक्की नालियों का निर्माण कर खेतों के पानी के लिए अलग से निकासी की व्यवस्था कर दी जाए तो इस समस्या से निजात मिल सकती है।
स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द मौके का निरीक्षण कर पानी निकासी की व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को जलभराव से राहत मिल सके।