Let’s travel together.

पाशविकता में पुरूषों को पछाड़कर महिलाएं कौन-सी ट्राॅफी जीत लेंगी? -अजय बोकिल

0 55

आलेख

अजय बोकिल

देश में निचली अदालतों द्वारा सुनियोजित हत्याअों के दो अलग-अलग लेकिन समान प्रवृत्ति के मामलों में बैक-टू-बैक फांसी देने का संभवत: यह पहला मामला है। दोनो मामलों में पुरूष प्रेमियों के साथ उनकी शादी शुदा प्रेमिकाएं भी समान रूप से दोषी पाई गई हैं। बल्कि यूं कहें कि ये महिलाएं ही हत्याकांडों की मास्टर माइंड रही हैं। नफरत और प्यार में अंधी होकर इन महिलाअोंने अपने पतियों/ मंगेतरों की जिस ढंग से निर्मम और असाधारण तरीके से हत्याएं की है, वह आज के समाज में आपसी रिश्तों के प्रति महिलाअों के बदलते सोच, समझ और मान्यताअों का दुर्भाग्यपूर्ण परिचायक है। पुरूष तो अमूमन महिलाअों पर अत्याचार और शोषण आदि के लिए बदनाम थे ही, लेकिन अब महिलाएं और खासकर युवा महिलाएं, जो आम तौर पर इक्कीसवीं सदी में जन्मी और पली-बढ़ी हैं, ऐसी हत्याअोंको बहुत शातिर तरीके से अंजाम दे रही हैं और अपने किए पर उन्हें कोई पछतावा भी नहीं है। इन सभी घटनाक्रमों में एक विरोधाभास भी है, वो ये कि जहां एक तरफ ये महिलाएं कथित पारिवारिक बदनामी के डर से अपने माता-पिता की पसंद के युवक के साथ शादी या सगाई करने से खुलकर इंकार करने की हिम्मत नहीं जुटा पातीं, वहीं दूसरी तरफ वो अपने पति या मंगेतर की निर्मम हत्या करने या कराने में जरा भी संकोच का अनुभव नहीं करतीं। बिना यह सोचे कि इस तरह के कृत्य से उनके मां-बाप और परिजनों की समाज में क्या इज्जत रह जाएगी? ऐसे भयंकर और दुष्टतापूर्ण हत्याकांड को अंजाम देने के बाद वो समाज में कितने मुंह दिखाने लायक रह जाएंगे? कुछ लोगों का मानना है कि पत्नियों/ मंगेतरों का यह व्यवहार समाज के पारंपरिक मूल्यों और परिवार व्यवस्था के प्रति क्रूर बगावत है। वो जीवन को अपने मर्जी से, अपनी जिद और जुनून के साथ ही जीना चाहती है। इसमें उन्हें किसी दूसरे का दखल बर्दाश्त नहीं। या फिर वो ये जताना चाहती हैं कि सदियों से पुरूषों ने उनके साथ जो कुछ किया है, उसके मुकाबले यह कुछ भी नहीं है। लेकिन बगावत करने के तो और भी शालीन तरीके हैं। अलग होने के कई कानूनी रास्ते हैं। आपसी समझदारी से भी अनचाहा रिश्ता तोड़ा जा सकता है। लेकिन लगता है कि ऐसी युवतियों की गहरी मानसिक दुविधा, अंतर्द्वयद्व और आपराधिक सोच अब उन्हें आधुनिक और स्वंतत्र बनाने के साथ-साथ क्रूर षड्यंत्रकारी और हत्यारा भी बना रहा है। ये हत्यारी महिलाएं सुशिक्षित हैं और इंटरनेट के जरिए हत्या के सभी आधुनिक तौर तरीके देख, सीख, समझ और आजमा रही हैं। नारी मन का यह रूप और यह मानसिकता उसके परंपरागत गुणों, संवेदनशीलता और ममत्व के आग्रह से बिल्कुल हटकर और इन सबके विपरीत है। बेशक नारी कभी चंडी भी बनती है, लेकिन उसका यह अवतार दुष्टों के दलन के लिए है। केवल अनिच्छा को निर्मम हत्या के जरिए उचित ठहराने के लिए तो कतई नहीं है।

चाहे इसे स्थापित मान्यताअों के प्रति विद्रोह कहें या िफर ऐसी नकारात्मक सोच, जो मानवीय रिश्तों के साथ-साथ मानवीय संवेदनाअोंकी भी हत्या करने को गलत नहीं मानती। चिंता की बात यह है कि ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इस दृष्टि से पिछले साल मार्च में मेरठ में चर्चा में आए नीले ड्रम कांड ने समूचे देश को हिला दिया था। इसमें पत्नी और दो बेटियों की मां मुस्कान रस्तोगी ने अपने प्रेमी सौरभ शुक्ला के साथ मिलकर पति सौरभ राजपूत को पहले मार कर काटा और कटे अंग नीले ड्रम में सीमेंट के घोल में दबा दिए। उसके बाद मई में चर्चा में आया राजा रघुवंशी कांड भी अपनी तरह का पहला मामला था, जिसमें पत्नी सोनम ने ही प्रेमी राज कुशवाहा के साथ पति राजा को पहाड़ी से धकेल कर ठिकाने लगाया। इसी साल जून में केतन अग्रवाल हत्याकांड में मंगेतर सिया अग्रवाल ने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ केतन को पहाड़ी से धक्का देकर यमलोक पहुंचा दिया। फिर दोनो छुट्टियां मनाने पहाड़ों पर चले गए। इनमें से पहले दो मामलों में महज दो दिन के भीतर चार दोषियों को फांसी की सजा सुनाई गई। इन फैसलों के बाद अपने पतियों की हत्या के मामले में जेल में बंद महिला आरोपियों की बेचैनी और बढ़ गई। पति या मंगेतर को मारते वक्त उन्हें कोई डर नहीं लगा, लेकिन अब अपनी मौत सामने देखकर वो विचलित हो रही हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले साल मेरठ के ब्रह्मपुरी में हुए सौरभ राजपूत हत्याकांड और बहसूमा के अकबरपुर सादात गांव में हुए अमित हत्याकांड ने देशभर में सुर्खियां बटोरी थीं। लगभग एक महीने के अंतराल पर हुईं इन दोनों वारदातों में पत्नियों ने अपने प्रेमियों के साथ मिलकर पतियों की हत्या की खौफनाक साजिश रची थी। सौरभ हत्याकांड में अदालत ने अपने फैसले में माना कि यह अत्यंत क्रूर और बर्बर श्रेणी का अपराध है। अदालत ने स्पष्ट कहा कि केवल शव के टुकड़े करना ही जघन्य अपराध नहीं है। पवित्र रिश्तों, भरोसे और शादी के सात वचनों को तोड़ना भी गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में मृत्युदंड न देना न्याय के प्रति नरमी मानी जाएगी। दूसरे मामले में मेरठ मेरठ के बहसूमा क्षेत्र के गांव अकबरपुर सादात निवासी अमित कश्यप उर्फ मिक्की कश्यप हत्याकांड में अदालत ने उसकी पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को मृत्युदंड की सजा सुनाई। यह घटना अप्रैल 2025 की है। इसमें आरोपी पत्नी ने प्रेमी अमरदीप के साथ पति अमित की हत्या कर उसे सांप से डसवाने का ड्रामा रचा। जांच में सामने आया कि जिस सांप से डसवाया गया था, उसके दांत ही नहीं थे। जज ने अपने फैसले में सती सावित्री का जिक्र करते हुए कहा कि पति की लंबी उम्र के लिए पत्नी करवाचौथ का व्रत करती है, लेकिन यहां प्रेमी के साथ ये कृत्य किया जो माफी लायक नहीं है।

मेरठ जिले की इन दो क्रूर घटनाअों के बाद तो मानो ऐसी षड्यंत्र और घृणापूर्वक की गई हत्याअों का सिलसिला-सा चल पड़ा। गोया इन सभी मामलों की मुख्य आरोपी महिलाएं सौरभ राजपूत हत्याकांड की मुख्य आरोपी मुस्कान रस्तोगी से कई महिलाएं कु-प्रेरणा ले रही हों। कुछ ऐसी ही कहानी पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में दोहराई गई। उसकी मंगेतर सिया गोयल ने अपनी शादी केतन के साथ तय करने से नाखुश होकर प्रेमी केतन चौधरी के साथ मिलकर राजा रघुवंशी कांड की तरह लौहगढ़ किले की एक ऊंची चोटी से केतन को धक्का दे दिया। उसके साथ सिया ने ऐसा क्यों किया, यह जानने से पहले ही सम्पन्न परिवार के केतन को दुनिया छोड़नी पड़ी। इस मामले में भी पुलिस ने चार्ज शीट दा‍खिल कर दी है। सोनम रघुवंशी कांड के संदर्भ में इस प्रकरण में भी फांसी हो तो आश्चर्य नहीं।

बेशक निचली अदालत ने दो संगीन मामलों में फांसी की सजा सुनाकर इन घटनाअो के प्रति जनाक्रोश को कुछ हद तक शांत किया है। हालांकि दोषियों को फांसी पर अमल होगा या नहीं, होगा तो कब होगा, यह अभी नहीं कहा जा सकता। क्योंकि कानून के हाथों की तरह कानून की गलियां भी बहुत लंबी होती हैं। फांसी की सजा की पुष्टि पहले हाई कोर्ट करेगा। उसके बाद अपील और दया के रास्ते खुले हैं। वैसे भी भारत में महिलाअों को फांसी पर लटकाने के मामले अपवाद स्वरूप ही हैं। ऐसे ज्यादातर प्रकरणों में सजा-ए-मौत को ताउम्र कैद में बदला जाता रहा है। मानवतावादियों का मानना है कि फांसी की सजा देने भर से समाज में अपराध कम नहीं होते। सही है, लेकिन जघन्य और क्रूरतम अपराधों में दोषियों को कड़ा संदेश देना भी न्याय व्यवस्था और समाज को शरीफों के रहने लायक बने देने रहने के लिए जरूरी है।

एक और चिंता की बात यह है कि ऐसी निर्मम हत्याअों के लिए नए-नए तरीके खोजकर उन्हें आजमाया जा रहा है। ये हत्याएं किसी तात्कालिक आवेश का नतीजा नहीं थी। बल्कि सुनियोजित लंबी साजिश और आपराधिक दिमाग का नतीजा थीं। यह बात अलग है कि सच्चाई कभी न कभी उजागर हो ही जाती है। लेकिन इन्हें अंजाम देने वाली महिलाएं यह नहीं सोचतीं कि जिस मनमर्जी की खातिर वो ये सब कर रहीं हैं, वो पूरी शायद ही हो। मृत्युदंड से उन्हें छूट मिल भी जाए तो भी बाकी की जिंदगी सलाखों के पीछे ही कटनी है। ऐसे में उन्हें हासिल क्या होना है, सिवाय समाज से मुंह‍ छिपाए रखने के। लेकिन हत्यारी मानसिकता शायद इतना दूर का नहीं सोचती। वरना पति से अलग होने या मंगेतर से रिश्ता तोड़ने के लिए उनकी हत्या करना तो कतई जरूरी नहीं है। हत्या और वो भी किसी निर्दोष की, जिसे खुद नहीं मालूम कि उसका गुनाह क्या है, पाशविकता है न कि अविवेक से किया गया मानवीय व्यवहार। बदलते वक्त में महिलाएं पुरूषों से हर मामले में बराबरी करें, स्पर्द्‍धा करें, यह अच्छी बात है, लेकिन पाशविकता और क्रूरता में पुरूषों को हराकर वो कौन-सी ट्राॅफी जीत लेंगी?

 

– लेखक अजय बोकिल सुबह सवेरे के कार्यकारी प्रधान संपादक हैं।

‘राइट क्लिक ‘

Leave A Reply

Your email address will not be published.

दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन चल समारोह निकला,रात्रिभर चल समारोह के बाद सुबह पूजन उपरांत हुआ विसर्जन      |     शहीदों को सलाम: 150 वीर जवानों के नामों का वाचन, पुलिस लाइन में भावुक कर देने वाला श्रद्धांजलि समारोह     |     आधुनिक ‘तेजस ऑप्टिकल & आई केयर क्लिनिक’ का भव्य शुभारंभ, पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह ने किया उद्घाटन     |     शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में रायसेन में भव्य दशहरा समारोह, आकर्षक झांकियों ने मोहा मन     |     युवाओं के साथ माँ दुर्गा विसर्जन यात्रा में शामिल हुए भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक     |     अवैध रूप से भंडारित लगभग 95 हजार रुपए के पटाखे जब्त     |     जय श्रीराम के उद्घोष के बीच 61 फीट के रावण का दहन, आतिशबाजी से जगमगाया आसमान     |     उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने आदिशक्ति गरबा नाइट में की शिरकत,प्रतिभागियों को किया पुरस्कृत     |     उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने क्रिकेट एकेडमी एंड टर्फ’ का किया उद्घाटन,युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित     |     पुलिस लाइन में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने किया शस्त्र पूजन     |    

Don`t copy text!
पत्रकार बंधु भारत के किसी भी क्षेत्र से जुड़ने के लिए इस नम्बर पर सम्पर्क करें- 9425036811